रांची में हेमेटोलॉजी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और ऑर्थोपेडिक्स पर विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन
RANCHI : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), रांची और हेमोफीलिया सोसाइटी, रांची के तत्वावधान में तथा यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से बुधवार को IMA हॉल, बरियातू रोड, रांची में हेमेटोलॉजी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT) एवं ऑर्थोपेडिक्स पर विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क चिकित्सा परामर्श प्राप्त किया।

कैंप का उद्देश्य रक्त संबंधी गंभीर एवं जटिल बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना था।
इस दौरान हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, सिकल सेल रोग, विभिन्न प्रकार के ब्लड कैंसर, एनीमिया, ब्लीडिंग डिसऑर्डर, प्लेटलेट्स की कमी तथा अन्य रक्त विकारों से संबंधित मरीजों की जांच एवं परामर्श किया गया।
इस अवसर पर देश के जाने-माने विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को चिकित्सा परामर्श दिया।
डॉ. (मेजर) रवि शंकर, पीडियाट्रिक हेमेटो-ऑन्कोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ, ने ल्यूकेमिया, लिंफोमा, मायलोमा, थैलेसीमिया और सिकल सेल रोग सहित विभिन्न रक्त संबंधी
बीमारियों से जुड़े मामलों में मरीजों का मार्गदर्शन किया।
डॉ. रवि शंकर ने कहा कि कई रक्त संबंधी बीमारियों में समय पर पहचान और उचित उपचार से मरीजों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार संभव है।
थैलेसीमिया और सिकल सेल रोग जैसी स्थितियों में नियमित निगरानी तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श महत्वपूर्ण है। जागरूकता बढ़ने से मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा तक पहुंच बनाने में सहायता मिल सकती है।
वहीं डॉ. अंकुर दास, सीनियर कंसल्टेंट, ऑर्थोपेडिक्स, ने कमर दर्द, घुटने की समस्या, कंधे की जकड़न, खेल संबंधी चोटों तथा अन्य ऑर्थोपेडिक समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार संबंधी सलाह दी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बने रहने वाले जोड़ों या मांसपेशियों के दर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। शुरुआती चिकित्सकीय जांच और उचित उपचार से समस्या को गंभीर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।
कैंप के दौरान कई मरीजों में एनीमिया, ब्लीडिंग डिसऑर्डर एवं प्लेटलेट्स की कमी जैसी समस्याओं की पहचान हुई। विशेषज्ञों ने मरीजों को आवश्यकता के अनुसार आगे की जांच एवं उपचार के लिए उचित चिकित्सा परामर्श भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध SEHIS योजना के अंतर्गत कैशलेस एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार सुविधाओं के बारे में जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. नैना, डॉ. शीमा जयस्वाल (CIP), डॉ. अभिषेक जयस्वाल (RINPAS, रांची), डॉ. गोविंद जी सहाय सहित अन्य चिकित्सक शामिल हुए।
