रिम्स में डॉ. अमित कुमार की असाधारण कलात्मक प्रतिभा को किया गया सम्मानित
RANCHI: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), राँची द्वारा एमबीबीएस 2021 बैच के छात्र डॉ. अमित कुमार की असाधारण कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं उत्कृष्ट कौशल के लिए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डॉ. अमित कुमार ने चॉक एवं पेंसिल कार्विंग कला में अपनी विशिष्ट प्रतिभा और बारीक कलात्मक कौशल से अपनी अलग पहचान बनाई है।
उनकी कला में सूक्ष्म दृष्टि, धैर्य, एकाग्रता एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिलता है।
रिम्स प्रबंधन ने उनकी इस विशिष्ट उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में छिपी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना भी संस्थान की सकारात्मक शैक्षणिक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस प्रकार की उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी बहुआयामी प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रेरित करती हैं।
संस्थान ने डॉ. अमित कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी अपनी कला एवं प्रतिभा के माध्यम से संस्थान का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
विदित हो कि डॉ. अमित कुमार की विशिष्ट कलात्मक प्रतिभा एवं चॉक-पेंसिल कार्विंग कला की सराहना झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता सोनू सूद एवं पंकज त्रिपाठी द्वारा भी की जा चुकी है।
उनकी इस उपलब्धि ने उनकी कलात्मक प्रतिभा को विशेष पहचान दिलाई है।
डॉ. अमित कुमार ने भविष्य में कार्यशालाओं (वर्कशॉप) का आयोजन कर अन्य विद्यार्थियों को भी इस विशिष्ट कला का प्रशिक्षण देने की इच्छा व्यक्त की है।
उनका यह प्रयास न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ कला एवं कौशल के विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगा।
