विश्व स्तनपान सप्ताह पर रिम्स में जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन
RANCHI: विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के नवजात शिशु विभाग (Department of Neonatology) द्वारा स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. (डॉ.) पी. के. चौधरी, विभागाध्यक्ष, शिशु रोग विभाग तथा डॉ. के. एस. दास, विभागाध्यक्ष, नवजात शिशु विभाग ने किया।
अपने संबोधन में उन्होंने नवजात शिशुओं के समुचित विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा मातृ स्वास्थ्य के लिए स्तनपान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन के प्रारंभिक छह माह तक शिशु का सर्वोत्तम आहार बताया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्तनपान के लाभ, सही स्तनपान तकनीक एवं पोज़िशन, स्तनपान के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं तथा उनके प्रभावी समाधान के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों के नर्सिंग अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं के लिए स्तनपान विषय पर क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में रिम्स नर्सिंग कॉलेज के नमित कुमार एवं मयंक राज ने प्रथम, जूली कुमारी एवं सारणी ने द्वितीय तथा दीपांजना एवं प्रतिभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्विज़ प्रतियोगिता का संचालन डॉ. उमर हसन एवं डॉ. प्रज्ञा ने क्विज़ मास्टर के रूप में किया।
कार्यक्रम का समापन विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए समाज में स्तनपान के प्रति व्यापक जन-जागरूकता बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
