रांची नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में अपर बाजार के व्यापारियों ने जताया रोष
किरायेदार संघ का गठन, मुकेश अग्रवाल बने अध्यक्ष
RANCHI: : रांची नगर निगम किरायेदार संघ की एक अति आवश्यक बैठक शनिवार को अग्रसेन भवन में आयोजित हुई।
बैठक में नगर निगम की ओर से हाल के दिनों में किरायेदारों के बीच उत्पन्न अनिश्चितता तथा भवन खाली कराकर मल्टी-स्टोरी भवन निर्माण की संभावित कार्रवाई पर व्यापारियों ने गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया।
बैठक में 150 से अधिक व्यापारियों ने भाग लिया। व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम की प्रस्तावित कार्रवाई से वर्षों से कारोबार कर रहे किरायेदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि बाजार टांड़ में वर्ष 1960 से व्यापारी कारोबार कर रहे हैं। नगर निगम ने केवल जमीन उपलब्ध कराई थी, जबकि दुकानों का निर्माण व्यापारियों ने स्वयं किया और तब से वे वहीं व्यापार कर रहे हैं।
बैठक में बकरी बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
व्यापारियों ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से वहां पार्किंग स्थल बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन नगर निगम ने इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की।
उन्होंने मांग की कि किसी भी नई योजना से पहले बकरी बाजार में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान रांची नगर निगम किरायेदार संघ का गठन किया गया और सर्वसम्मति से मुकेश अग्रवाल को अध्यक्ष चुना गया।
यह निर्णय भी लिया गया कि तीन अगस्त को झारखंड चैंबर के नेतृत्व में संघ का प्रतिनिधिमंडल झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग के मंत्री से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराएगा।
संघ ने निर्णय लिया कि सभी व्यापारी एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे की रणनीति तैयार करेंगे तथा अधिक से अधिक किरायेदारों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम द्वारा जारी नोटिस को हाईकोर्ट में चुनौती देने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी किरायेदारों से एकजुट रहने और आगामी बैठकों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में कुणाल आजमानी, गोवर्धन गाड़ोदिया, मनीष सराफ, प्रेम कटारुका, अमित शर्मा, बिंदुल वर्मा, अंजय सरावगी, शंकर झा, ओम छापड़िया, ओम प्रकाश अग्रवाल, पवन पोद्दार, पवन शर्मा, अनीश बुधिया सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित थे।
