August 13, 2026

सुरक्षा दृष्टिकोण से मोरहाबादी मैदान में ड्रोन वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी पर रहेगी रोक

0
IMG-20260813-WA0020

स्वतंत्रता दिवस राजकीय समारोह के सफल आयोजन को लेकर संयुक्त ब्रीफिंग

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा करायी जाएगी ड्रोन से वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी

RANCHI: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह में माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड हेमंत सोरेन द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

समारोह के सफल, सुरक्षित एवं सुचारू आयोजन को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

संयुक्त ब्रीफिंग में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह एवं अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को संयुक्तादेश में निर्धारित दायित्वों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची  मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने कार्य, दायित्व एवं प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी रखें तथा निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

उन्होंने मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन और निर्गमन की व्यवस्था को समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले सभी आगंतुकों की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि कोई भी अवांछित व्यक्ति अथवा आपत्तिजनक सामग्री समारोह स्थल में प्रवेश न कर पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी पदाधिकारी एवं जवान अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह सतर्क एवं सजग रहें।

पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह ने समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

सुरक्षा दृष्टिकोण से ड्रोन पर रोक

संयुक्त ब्रीफिंग में बताया गया कि सुरक्षा दृष्टिकोण से समारोह के दौरान ड्रोन से वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

सिर्फ सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन के माध्यम से ही वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी की जाएगी।

प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…