September 27, 2026

चिकित्सकों की वर्तमान समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर झारखंड के चिकित्सा संगठनों की राज्य स्तरीय बैठक 27 सितंबर को

0
IMG-20260925-WA0004

 

RANCHI: झारखंड के चिकित्सा समुदाय के समक्ष वर्तमान में उत्पन्न विभिन्न चुनौतियों एवं लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर राज्य के प्रमुख चिकित्सा संगठनों एवं चिकित्सक प्रतिनिधियों की एक राज्य स्तरीय संयुक्त बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

बैठक का आयोजन 27 सितंबर 2026 को प्रातः 11:30 बजे IMA हॉल, रांची में किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में झारखंड के सभी जिलों से चिकित्सा समुदाय के विभिन्न वर्गों की भागीदारी होगी।

झारखंड आईएमए के महासचिव डाॅ प्रदीप कुमार सिंह ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि इसमें सरकारी एवं निजी क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर, निजी अस्पताल एवं नर्सिंग होम के प्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेजों के छात्र, महिला चिकित्सक तथा विभिन्न चिकित्सा संगठनों की जिला इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

चिकित्सा समुदाय के सभी वर्ग एक मंच पर

बैठक में Indian Medical Association (IMA), JHASA, IMA HBI, Association of Healthcare Providers of India (AHPI), Junior Doctors Network (JDN), Junior Doctors Association (JDA), IMA Women’s Wing तथा Medical Student Network (MSN) सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं सदस्य भाग लेंगे।

इस बैठक का उद्देश्य किसी एक संगठन या वर्ग की समस्या तक सीमित न रहकर झारखंड के संपूर्ण चिकित्सा समुदाय की सामूहिक चिंताओं और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना है।

प्रमुख विषय

बैठक में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी, जिनमें प्रमुख रूप से:

* चिकित्सकों के समक्ष वर्तमान में उत्पन्न सुरक्षा, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक चुनौतियां

* चिकित्सा समुदाय की लंबे समय से लंबित मांगें

* सरकारी एवं निजी क्षेत्र के चिकित्सकों से जुड़े मुद्दे

* जूनियर डॉक्टरों की समस्याएं एवं कार्यस्थल से संबंधित विषय

* निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम के समक्ष आने वाली चुनौतियां

* मेडिकल छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय

* महिला चिकित्सकों की विशेष समस्याएं एवं कार्यस्थल से संबंधित मुद्दे

* जिला स्तर पर चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों के समक्ष आने वाली समस्याएं

* राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने में चिकित्सा समुदाय की भूमिका

* विभिन्न लंबित मुद्दों के समाधान के लिए सरकार एवं संबंधित संस्थाओं के साथ प्रभावी संवाद की दिशा

बैठक में विभिन्न जिलों एवं संगठनों से प्राप्त सुझावों और मुद्दों पर चर्चा कर सामूहिक रूप से आगे की कार्ययोजना एवं प्राथमिकताएं निर्धारित करने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजकों का मानना है कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चिकित्सकों, स्वास्थ्य संस्थानों, मेडिकल छात्रों एवं सरकार के बीच सार्थक संवाद,

आपसी समन्वय और विश्वास आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राज्य के चिकित्सा समुदाय के विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच पर लाया जा रहा है।

यह बैठक झारखंड के चिकित्सा समुदाय की एकजुटता, संवाद और रचनात्मक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…