रांची में 30 अगस्त को होगा ऐतिहासिक ‘ब्लाइंडफोल्डेड रन फॉर विजन 2026

0
IMG-20260716-WA0009

नेत्रदान जागरूकता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि एवं पूर्व क्रिकेट कप्तान अजहरुद्दीन होगें विशिष्ट अतिथि

RANCHI: नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रांची में 30 अगस्त को ऐतिहासिक ‘ब्लाइंडफोल्डेड रन फॉर विजन 2026’ का आयोजन किया जाएगा।

आई डोनेशन अवेयरनेस क्लब, कश्यप मेमोरियल आई बैंक और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन की घोषणा बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डाॅ इरफान अंसारी के आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने अभियान का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि इस सामाजिक पहल को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का पूरा सहयोग मिलेगा।

उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को सुबह 7 बजे आयोजित होने वाली इस मैराथन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, जबकि भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान एवं पूर्व सांसद मोहम्मद अज़हरुद्दीन विशिष्ट अतिथि होंगे।

मंत्री ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से आयोजित की जा रही इस अनूठी दौड़ में प्रतिभागी आंखों पर पट्टी बांधकर दौड़ते हैं, ताकि वे दृष्टिबाधित लोगों के जीवन की कठिनाइयों को महसूस कर सकें।

 

इससे समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता और दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता दोनों बढ़ती हैं।

उन्होंने डॉ. भारती कश्यप और डॉ. बी.पी. कश्यप के 35 वर्षों के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 1996 में झारखंड का पहला सफल निःशुल्क कॉर्निया प्रत्यारोपण किया गया था।

उनके प्रयासों से अब तक 1089 लोगों को नई रोशनी मिल चुकी है।
कश्यप मेमोरियल आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भारती कश्यप ने बताया कि 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर आयोजित यह दौड़ सिर्फ एक मैराथन नहीं, बल्कि समाज को नेत्रदान का महत्व समझाने का जनआंदोलन है।

इस बार भी सैकड़ों बच्चे आंखों पर पट्टी बांधकर अन्य बच्चों का हाथ थामकर दौड़ेंगे और लोगों को यह संदेश देंगे कि “नेत्रदान महादान” किसी की जिंदगी में फिर से उजाला ला सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी सामाजिक संगठनों और नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा झारखंड को अंधत्व मुक्त बनाने की दिशा में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…