बाबा रामदेव ने हेमंत सोरेन को बताया ‘लेजेंडरी मुख्यमंत्री’
शिबू सोरेन इस सदी के महानायक थे, सोरेन परिवार से ढाई दशक पुराना आत्मीय संबंध
बाबा रामदेव-पुरखों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हेमंत सोरेन
RAMGARH: योग गुरु बाबा रामदेव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ‘लेजेंडरी मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि वह पुरुषार्थ और अदम्य साहस के साथ अपने पुरखों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए वह आदिवासी समाज के साथ-साथ सर्वसमाज को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
बाबा रामदेव रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे थे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने कहा कि रूपी सोरेन शक्ति स्वरूपा थीं।
वह स्वर्गीय शिबू सोरेन की आत्मा और पूरे परिवार को एक सूत्र में बांधकर रखती थीं।
पहले शिबू सोरेन और अब रूपी सोरेन का निधन सोरेन परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने केवल अपने परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपना परिवार माना।
बाबा रामदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन के लिए उनकी मां रूपी सोरेन देवी स्वरूप थीं।
मुख्यमंत्री अपने पिता शिबू सोरेन और पुरखों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका अदम्य साहस उन्हें एक ‘लेजेंडरी मुख्यमंत्री’ के रूप में स्थापित करता है।
बाबा रामदेव ने नेमरा पहुंचकर रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि

योग गुरु बाबा रामदेव रविवार दोपहर करीब एक बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे।
हेलीकॉप्टर से पहुंचने के बाद वह सीधे मुख्यमंत्री के आवास गए। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री की दिवंगत माता रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
