आज राँची, खूँटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में भी छिटपुट बारिश की संभावना
रविवार से भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी
RANCHI: झारखण्ड में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा है, एक ओर राज्य के कई जिलों में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं दूसरी ओर रविवार से भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई है।
आज जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें संताल और कोल्हान क्षेत्र के जिले शामिल हैं।
इसके अलावा राँची, खूँटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में भी छिटपुट बारिश हो सकती है, कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ गरज-चमक की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने रविवार से अगले तीन दिनों तक हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इसका सबसे ज्यादा असर पलामू, कोल्हान और आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ने और गर्म हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो झारखण्ड से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई है।
