सदर अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, न्यूरोसर्जरी सेवा ने छुआ नया आयाम
RANCHI: रांची सदर अस्पताल में 46 वर्षीय भूषण सिंह के जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी की गई।
मरीज पिछले करीब दो वर्षों से बीमारी से परेशान था। निजी अस्पताल में सर्जरी सहित इलाज में करीब 8 लाख रुपये से अधिक का खर्च बताया गया था।
इसके बाद मरीज ने सदर अस्पताल में इलाज कराया, जहां न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सर्जरी की गई।
मरीज के मस्तिष्क में मेनिन्जियोमा (Meningioma) था। यह सर्जरी जटिल और गंभीर प्रकृति की थी।
मस्तिष्क के भीतर मौजूद ट्यूमर को निकालते समय आसपास की महत्वपूर्ण नसों, रक्तवाहिनियों और सामान्य मस्तिष्क ऊतकों को सुरक्षित रखना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है।
ऐसी सर्जरी में रक्तस्राव तथा महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल संरचनाओं को क्षति जैसी गंभीर जटिलताओं का जोखिम रहता है।
इस चुनौतीपूर्ण मामले को डॉ. विकास कुमार और उनकी टीम ने स्वीकार किया और पूरी सावधानी एवं विशेषज्ञता के साथ सर्जरी को अंजाम दिया।
ऑपरेशन के दौरान सटीक सर्जिकल तकनीक, लगातार निगरानी, नियंत्रित एनेस्थीसिया तथा न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया और OT टीम के बीच बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण रहा।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ हो रहा है।
सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी का बढ़ता दायरा
रांची में इस तरह की बड़ी और जटिल ब्रेन सर्जरी के लिए मरीजों को अब तक मुख्य रूप से RIMS और चुनिंदा निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था।
सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवा के विस्तार के साथ अब ब्रेन एवं स्पाइन ट्रॉमा, ब्रेन ट्यूमर, सर्वाइकल एवं लम्बर स्पाइन की बीमारियों तथा अन्य जटिल न्यूरोसर्जिकल मामलों की सर्जरी भी लगातार की जा रही है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि सदर अस्पताल की न्यूरोसर्जरी सेवा लगातार नए आयाम की ओर बढ़ रही है।
जटिल ब्रेन और स्पाइन सर्जरी का सफलतापूर्वक होना इस सेवा के विस्तार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रयास है कि गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ उपचार सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में ही उपलब्ध कराया जा सके।
सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
ब्रेन एवं स्पाइन ट्रॉमा के साथ-साथ ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों की सर्जरी उपलब्ध होना मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है।
इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. विकास कुमार एवं उनकी न्यूरोसर्जरी टीम एनेस्थीसिया टीम के डॉ. नीरज एवं डॉ. ज्योतिका तथा OT टीम के अमित, सुरेश, नीली , संजू, नंदिनी, कंचन सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवाओं के लगातार विस्तार से ब्रेन एवं स्पाइन से जुड़ी गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधाएं सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में मजबूत हो रही हैं।
