October 5, 2026

काली कम्बल वाले बाबा के स्वास्थ्य शिविर में ऐतिहासिक भीड़

0
IMG-20261004-WA0033

पूर्व मंत्री कमलेश सिंह ने आम लोगों के साथ टेंट में बैठकर लिया बाबा का आशीर्वाद

PALAMU: हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में चल रहे निःशुल्क आरोग्य शिविर के चौथे दिन रविवार को रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी।

सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों का तांता लगा रहा और देखते ही देखते पूरा मैदान लोगों से खचाखच भर गया।

यह आयोजन पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह तथा युवा नेता सूर्या सिंह द्वारा कराया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर के साथ ही प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक भव्य श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जा रहा है।

शिविर स्थल पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज से आए मरीज घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ बिहार समेत अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग बाबा से स्वास्थ्य लाभ लेने पहुंचे।

इस दौरान भाजपा नेता सह पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने भी आम लोगों के साथ टेंट में बैठकर बाबा का आशीर्वाद लिया।

उन्होंने भीड़ से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, बाबा 8 अक्टूबर तक रहेंगे और एक-एक मरीज को देखने का काम करेंगे।

पूर्व मंत्री ने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए वे पहले भी राज्य के योग्य चिकित्सकों को बुलाकर स्वास्थ्य शिविर लगवाते रहे हैं। मां भगवती के आशीर्वाद से लोगों का कल्याण काली कंबल वाले बाबा के माध्यम से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि यह आस्था का विषय है और देवी-देवताओं के प्रति उनकी गहरी आस्था है, उसी का परिणाम है कि वे निरंतर लोगों की सेवा में लगे रहते हैं।

यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया है, जो 8 अक्टूबर तक चलेगा।

मैदान में अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद है। इस शिविर में राज्य के कोने-कोने के अलावा कई अन्य राज्यों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…