स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का शुभारंभ
स्वच्छ राँची के लिए जनभागीदारी का आह्वान
RANCHI: स्वच्छता को जनजीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ राँची के निर्माण के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत राँची नगर निगम द्वारा आज बकरी बाजार स्टोर परिसर में “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
उन्होंने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान की थीम *“स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत”* है।
अभियान के दौरान राँची नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं जनभागीदारी आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी जिम्मेदारियों के प्रति सजग एवं सहभागी बनाया जाएगा।
राँची नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि स्वच्छ राँची के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाएं।
नागरिक कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं समुदाय के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।
सम्मानित नागरिकों की सहभागिता, सहयोग और जिम्मेदार व्यवहार से ही स्वच्छ, सुंदर एवं कूड़ा मुक्त शहर के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
इस मौके पर निगम के पदाधिकारी, स्वच्छता शाखा के कर्मी एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
