IMG-20260723-WA0001

अग्रवाल सभा और कश्यप मेमोरियल आई बैंक द्वारा नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

RANCHI:  अग्रवाल सभा, रांची की महिला समिति शाखा एवं कश्यप मेमोरियल आई बैंक के संयुक्त तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित 27वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव मेले के दूसरे दिन नेत्रदान जागरूकता अभियान के साथ-साथ सावन सिंधारा एवं झूलोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर रोशनी खलखो एवं विशिष्ट अतिथि उप महापौर नीरज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष, मंत्री एवं उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने नेत्रदान का संकल्प पत्र (फॉर्म) भरकर इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज की।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने डॉ. भारती कश्यप से शहर के सभी 53 वार्डों में शिविर आयोजित कर लोगों को नेत्रदान के लिए जागरूक करने की अपील की।

महापौर ने आश्वस्त किया कि इस अभियान के लिए रांची नगर निगम और वे स्वयं हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जागरूकता फैलाने के लिए हमें जन-जन तक पहुँचना होगा।

कश्यप मेमोरियल आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भारती कश्यप ने बताया कि वर्ष 1996 से अब तक आई बैंक द्वारा 1,089 सफल नेत्र प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं, फिर भी राज्य में कई मरीज प्रतीक्षा सूची में हैं।

कॉर्निया की कमी के कारण बाहर से कॉर्निया मंगानी पड़ती है, जिससे गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।

उन्होंने राज्य के प्रमुख अस्पतालों में ‘कॉर्निया रिट्रीवल प्रोग्राम मॉडल’ लागू करने की अपील की ताकि “कॉर्निया जनित दृष्टिहीनता से मुक्त झारखंड” का लक्ष्य साकार हो सके।

सावन सिंधारा, झूलोत्सव और मेले में जमकर हुई खरीदारी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा सावन सिंधारा एवं झूलोत्सव मनाया गया। महिलाओं और बहू-बेटियों ने सावन के गीतों पर नृत्य किया, झूला झूला, अंताक्षरी व मजेदार गेम्स खेले और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

सावन महोत्सव मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें जयपुरिया ज्वेलरी, कोलकाता, बनारस व भागलपुर की डिजाइनर साड़ियाँ, शादी के लहंगे, एक्सक्लूसिव सूट, हस्तशिल्प उत्पाद, रंग-बिरंगी राखियाँ, लड्डू गोपाल की पोशाकें, सजावटी सामान तथा अचार-पापड़ आदि का महिलाओं ने जमकर लुत्फ उठाया और खरीदारी की।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों और महिला समिति की सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…