आरएसएस प्रांत कार्यालय पर बमबारी की घटना अत्यंत गंभीर, एनआईए से जांच कराई जाए : संजय सेठ
संघ कार्यालय पर हमला चिंतनीय, सुरक्षा सुनिश्चित कर, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो
RANCHI: रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद श्री संजय सेठ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रांत मुख्यालय, रांची पर देर रात हुई बमबारी की घटना को सुनियोजित साजिश करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगठन पर हमला नहीं, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को चुनौती देने का गंभीर प्रयास है।
श्री सेठ ने कहा कि ईश्वर की कृपा रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस प्रकार की घटना अत्यंत चिंताजनक है। सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिससे अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस महानिदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर 24 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही संघ कार्यालय की सुरक्षा तत्काल सुदृढ़ करने को भी कहा है।
श्री सेठ ने इस पूरे मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह घटना किसी बड़े षड्यंत्र और संगठित आपराधिक अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधि का हिस्सा प्रतीत होती है।
इसलिए इसकी निष्पक्ष, गहन एवं समयबद्ध जांच एनआईए से कराई जानी चाहिए, ताकि घटना के पीछे शामिल सभी साजिशकर्ताओं और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की कि इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय की सुरक्षा की व्यापक समीक्षा कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था तत्काल लागू की जाए।
