लहू बोलेगा संगठन का प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री से मिला
थैलेसीमिया व सिकल सेल एनीमिया पीड़ितों के लिए बड़ी पहल, 08 मई को राज्यस्तरीय कॉन्फ्रेंस की तैयारी तेज
RANCHI: : थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित बच्चों के बेहतर इलाज और सहयोग को लेकर झारखंड में प्रयास तेज हो गए हैं।
इसी क्रम में “लहू बोलेगा” रक्तदान संगठन, झारखंड थैलेसीमिया पीड़ित एसोसिएशन एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में 08 मई को मनाए जाने वाले विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर झारखंड राज्यस्तरीय थैलेसीमिया कॉन्फ्रेंस-2026 के आयोजन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य मरीजों, परिजनों और समाज को जागरूक करना तथा इलाज से जुड़ी सुविधाओं को और बेहतर बनाना है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य सरकार थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि रांची के सदर अस्पताल में जल्द ही बोन मैरो ट्रांसप्लांट सेंटर शुरू किया जाएगा। इसके अलावा बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए 15 लाख रुपये तक की सहायता, आवश्यक दवाइयों की निःशुल्क उपलब्धता और सरकारी ब्लड बैंकों में रक्तदान करने वाले लोगों के लिए रिफ्रेशमेंट राशि 100 रुपये तय की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे हजारों पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके संवेदनशील रवैये की प्रशंसा की।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित बच्चों एवं उनके परिजनों की ओर से सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया है।इस सम्मान समारोह में मरीज, परिजन और रक्तदाता शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में नदीम खान, तनवीर अहमद, मो. काबिल, मो. इम्तियाज सोनू, मो. बब्बर, इंजीनियर शाहनवाज अब्बास, असफर खान और साजिद उमर समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
