August 16, 2026

अटल बिहारी वाजपेई को जाता है झारखंड निर्माण का श्रेय : बाबूलाल मरांडी

0
IMG-20260812-WA0049

देश के लिए उन्होंने किया अपना सर्वस्व न्योछावर

अटल बिहारी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित : कर्मवीर सिंह

पुण्यतिथि पर अटल बिहारी वाजपेई को भाजपा नेताओं ने किया नमन, उनके मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया

RANCHI: झारखंड निर्माता, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर विधानसभा परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

भाजपा नेताओं द्वारा देशहित में उनके विशिष्ट योगदान को याद करते हुए उनके मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया गया।

मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु रहे हैं। क्या सत्ता पक्ष, क्या विपक्ष, सभी उनका सम्मान करते थे।

सभी उनकी राजनीतिक कार्यशैली और विनम्रता के कायल थे। अटल बिहारी ने अपनी सत्ता की परवाह किए बिना पोखरण परमाणु परीक्षण कर दुनिया को भारत की शक्ति का लोहा मनवाया।

उनका एक ही उद्देश्य था कि राष्ट्र, शक्तिशाली और समृद्धशाली हो। उन्होंने भारत की सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

श्री मरांडी ने कहा कि जब भी झारखंड की चर्चा होती है, अटल जी का नाम स्वत: पूरे झारखंडवासियों के स्मृति पटल पर उभर आता है।

झारखंड निर्माण का श्रेय सिर्फ अटल बिहारी वाजपेई को जाता है। झारखंड गठन की राह में कई झंझावत थे। जहां से राज्य अलग हो रहा था वहां जिनकी सत्ता थी वे लोग प्रारंभ में इसका जोरदार विरोध कर रहे थे।

फिर अटल बिहारी वाजपेई जैसे व्यक्तित्त्व ने उन सारी रुकावटों और विरोध का पटाक्षेप करते हुए अलग राज्य का मार्ग प्रशस्त किया और झारखंडवासियों को अलग राज्य की सौगात दी। पूरा झारखंड उनका सदैव ऋणी रहेगा।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई असाधारण व्यक्तित्व के धनी एक दूरदर्शी राजनेता थे।

उनका जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की उन्नति, समृद्धि के लिए खपा दिया। उनके विचार और आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।

इस दौरान महापौर रोशनी खलको, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डु,प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा,महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार साहू, ललित ओझा ,जितेंद्र वर्मा, बलराम सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…