बुजुर्गों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर ईएसआईसी अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम
RANCHI : विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर रांची स्थित ईएसआईसी अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं आर्थिक शोषण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा उनके सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना था।
इस अवसर पर मनोचिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अभिप्सा ने कहा कि हमारे बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं।
उन्होंने अपने जीवन के अनुभव, ज्ञान और त्याग से समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश आज कई बुजुर्ग उपेक्षा, अकेलेपन और दुर्व्यवहार का सामना कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है।
डॉ. अभिप्सा ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बुजुर्गों के प्रति प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता का भाव रखे तथा यह सुनिश्चित करे कि वे सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें।
कार्यक्रम में अन्य विभागों के चिकित्सक डॉ. नयनिका, डॉ. स्वेता, डॉ. विजेता एवं डॉ. स्वेतनीषा भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन नोडल ऑफिसर डॉ. कश्मीरा जिलानी एवं डॉ. सृष्टि द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं मरीजों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे बुजुर्गों का सम्मान करेंगे, उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखेंगे तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।
