झारखंड शराब घोटाला: ED ने जांच की तेज, पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव, बेटे रोहित और रिटायर्ड IAS अमित प्रकाश को भेजा समन
RANCHI : झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी जांच तेज कर दी है।
एजेंसी ने इस मामले में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव तथा उत्पाद विभाग के रिटायर्ड IAS अधिकारी अमित प्रकाश को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
ED ने समन के साथ संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जांच एजेंसी को आशंका है कि झारखंड में शराब कारोबार से जुड़े कथित घोटाले में इनकी भूमिका की जांच आवश्यक है।
विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की कंपनियों को झारखंड में प्रवेश दिलाने के मामले में रोहित उरांव की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई ACB द्वारा दर्ज कांड संख्या 9/2025 को ED द्वारा टेकओवर करने के बाद की जा रही है।
इस आधार पर ED ने ECIR संख्या 10/2025 दर्ज कर अपनी जांच आगे बढ़ाई है। इससे पहले एजेंसी मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों से भी पूछताछ कर चुकी है।
गौरतलब है कि ACB ने वर्ष 2025 में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए कई अधिकारियों और अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया था।
अब ED की जांच का दायरा बढ़ने के साथ कई नए नाम भी जांच के घेरे में आ रहे हैं।
फिलहाल राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर ED की पूछताछ पर टिकी है। आने वाले दिनों में इस मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
