झारखंड में डिजिटल हेल्थ सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
रिम्स सहित सभी सरकारी अस्पतालों में 15 दिनों में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट शुरू करने का निर्देश
RANCHI : झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को डिजिटल एवं तकनीकी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन, आईसीयू, एचएमआईएस, सीसीटीवी, डैशबोर्ड और एचआरआईएस की प्रगति की समीक्षा की गई।
अपर मुख्य सचिव ने रिम्स में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा करने की बात कही।
साथ ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट की सुविधा 15 दिनों के भीतर शुरू करने का निर्देश दिया।
बीएसएनएल को मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, अनुमंडल अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पीएचसी स्तर पर इंटरनेट स्पीड को 2 एमबीपीएस से बढ़ाकर 20 एमबीपीएस करने का लक्ष्य रखा गया है। बीएसएनएल के अनुसार 188 सीएचसी में वाई-फाई सुविधा शुरू हो चुकी है।
बैठक में एआई आधारित टेली-ईसीजी मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। इसे सीएचसी स्तर पर स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिससे गोल्डन ऑवर में तत्काल ईसीजी रिपोर्ट उपलब्ध हो।
