कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन का नारी विरोधी चेहरा सामने आया : संजय सेठ
कांग्रेस को देश की नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी
RANCHI: आज लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन का महिला विरोधी चेहरा सामने आ गया।
इन्होंने वह चेहरा दिखाए, जिसे देश की नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी। उक्त बातें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अधिनियम की वोटिंग के बाद जारी बयान में कही।
श्री सेठ ने कहा कि संपूर्ण विपक्ष इस विधेयक में भी हिंदू मुस्लिम तलाश रहा है, जबकि संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
इस विधेयक को देश की हर महिला के लिए लाया गया था तो फिर उसमें मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण मांगने का कोई औचित्य नहीं है।
श्री सेठ ने कहा कि विगत 7 दशक से देश की महिलाएं जिस बात का इंतजार कर रही थी, , वह दिन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज आया।
परंतु कांग्रेस और महिला विरोधी पूरे विपक्ष ने नारी सशक्तिकरण की राह में रोड़ा अटकाने का काम किया है। इनका असली चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर पूरे राष्ट्र ने देख लिया।
अपने शासनकाल में कांग्रेस ने कभी महिलाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। महिलाओं को हमेशा आगे बढ़ने से रोका।
आज जब मोदी सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, उनके सशक्तिकरण के लिए हर कदम उठा रही है; ऐसे में कांग्रेस का यह कृत्य बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ एक विरोधी पार्टी बनकर रह गई है। उसे हर किसी का विरोध करना है। देश विरोधी तो पहले से ही रही है। अब महिला विरोधी भी हो गई।
विपक्ष का महिला विरोधी यह घृणित चेहरा आज पूरे देश ने देखा है। देश की नारी शक्ति कभी ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगी।
