रिम्स में चिकित्सकों के एपीएस प्रमोशन हेतु 29 अक्टूबर को होगा साक्षात्कार
RANCHI: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), राँची में कार्यरत चिकित्सकों के एपीएस (Assessment Promotion Scheme) के तहत प्रमोशन के लिए 29 अक्टूबर 2026 को साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा।
रिम्स प्रबंधन के अनुसार, प्रमोशन के लिए प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक स्क्रूटिनी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 59 चिकित्सकों को योग्य पाया गया है, जिन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
एपीएस प्रमोशन का उद्देश्य पात्र चिकित्सकों को निर्धारित नियमों एवं मानदंडों के अनुरूप करियर प्रगति का अवसर प्रदान करना तथा संस्थान में चिकित्सा सेवाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को और सुदृढ़ करना है।
रिम्स प्रशासन चिकित्सकों के व्यावसायिक विकास, पारदर्शी चयन प्रक्रिया तथा संस्थान की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिम्स में सुरक्षा व्यवस्था होगी सुदृढ़, अटेंडेंट एवं विजिटर्स के लिए जारी किए जाएंगे पास
राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), राँची में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, अस्पताल परिसर में अनावश्यक भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने तथा मरीजों को सुगम एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटेंडेंट एवं विजिटर्स के लिए पास जारी किए जाएंगे।
पास के माध्यम से ही संबंधित व्यक्तियों को निर्धारित नियमों के तहत प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
रिम्स प्रबंधन के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत गंभीर मरीजों के साथ अधिकतम दो अटेंडेंट तथा सामान्य मरीजों के साथ एक अटेंडेंट को अनुमति दी जाएगी।
इससे अस्पताल के वार्डों एवं अन्य चिकित्सा इकाइयों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ मरीजों के उपचार एवं देखभाल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सहूलियत मिलेगी।
विजिटर्स के लिए निर्धारित समय
मरीजों से मिलने आने वाले विजिटर्स के लिए दो समयावधियाँ निर्धारित की गई हैं:
• प्रथम स्लॉट: पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक।
• द्वितीय स्लॉट: अपराह्न 4:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक।
निर्धारित समयावधि में पास के माध्यम से ही विजिटर्स को प्रवेश दिया जाएगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों में संक्रमण के जोखिम को कम करने में सहायता करना तथा अस्पताल के भीतर अनुशासित वातावरण बनाए रखना भी है।
SAP के अधिकारी करेंगे निगरानी एवं मॉनिटरिंग
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा नई व्यवस्था का सुचारु रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल ऑक्जिलियरी पुलिस (SAP) के अधिकारी निगरानी एवं मॉनिटरिंग करेंगे।
प्रवेश व्यवस्था, पास की जाँच तथा निर्धारित नियमों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
