October 25, 2026

रांची जिला प्रशासन ने छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर किया घाटों का निरीक्षण

0
IMG-20261024-WA0019

शहर के प्रमुख छठ घाटों—काकें डैम, हटनिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम तथा बटन तालाब (डोरंडा)—का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण

जतरा मेला की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा

RANCHI : छठ महापर्व झारखण्ड सहित पुरे देश में आस्था, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। इस महापर्व के सुचारु, भव्य एवं सुरक्षित आयोजन तथा लाखों छठव्रतियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए रांची जिला प्रशासन कार्य कर रही है।

इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची, मंजूनाथ भजन्त्री ने आज पूरी टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों—काकें डैम, हटनिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम तथा बटन तालाब (डोरंडा)—का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने प्रत्येक घाट पर पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, संभावित चुनौतियों और आवश्यक सुधारों का बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने घाटों पर मौजूद छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से विस्तार से चर्चा की।

चर्चा के दौरान छठव्रतियों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।

उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि छठ महापर्व आस्था का पर्व है और प्रशासन का दायित्व है कि व्रती बिना किसी परेशानी के अपनी आराधना पूरी कर सकें।

छठ पर्व से पूर्व सभी चिन्हित घाटों की पूर्णतः साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए

नगर निगम के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि छठ पर्व से पूर्व सभी चिन्हित घाटों की पूर्णतः साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

सीढ़ियों पर जमी काई को तत्काल हटाया जाए, डीडीटी का छिड़काव किया जाए तथा जल की स्वच्छता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि छठ के दिनों में नगर निगम के सफाई कर्मी घाटों पर निरंतर तैनात रहें, ताकि पूजा स्थल पर किसी भी प्रकार की गंदगी जमा न हो और व्रतियों को स्वच्छ वातावरण में अर्घ्य अर्पित करने का अवसर मिले।

धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से ध्यान दिया। उन्होंने पाया कि घाट पर जाली लग जाने से छठव्रतियों के आने-जाने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है।

भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए आवागमन बाधित होने का संभावना भी है। इसको देखते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया,

संपूर्ण घाट क्षेत्र की सघन साफ-सफाई करवाई जाए, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अर्घ्य देने के पश्चात महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अस्थायी कपड़ा चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाए।

साथ ही एनडीआरएफ टीम को भी निर्देश दिया गया कि वे घाट पर सुरक्षा एवं आपात व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखें।

किसी भी छठव्रती या अर्घ्य देने वाले श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों—नगर निगम, भवन निर्माण एवं अन्य एजेंसियों—को निर्देश दिए कि छठ घाटों पर निर्धारित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो जाएं।

उन्होंने कहा कि किसी भी छठव्रती या अर्घ्य देने वाले श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर विशेष निगरानी रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने उपायुक्त सहित सभी अधिकारियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा, काकें रोड भी पहुंचे। वहां उन्होंने जतरा मेला की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नगर निगम को तत्काल अतिक्रमण हटाने और मार्ग को निर्बाध बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई कठिनाई न हो।

सभी छठ महापर्व समिति के सदस्य जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, ताकि यह महापर्व सुचारु, सुरक्षित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

उपायुक्त ने छठ पूजा समितियों के सदस्यों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी छठ महापर्व समिति के सदस्य जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, ताकि यह महापर्व सुचारु, सुरक्षित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रशासन और समितियों के बीच बेहतर समन्वय से ही छठव्रतियों को सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा और पर्व सफलतापूर्वक संपादित हो सकेगा।

निरीक्षण कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक)  राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर)  कुमार रजत, ट्रेनी आईएएस अधिकारी सुश्री आस्था शरण, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (भवन), सहायक प्रशासक रांची नगर निगम, स्थानीय थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य  जय सिंह यादव एवं  सागर कुमार, पार्षद (वार्ड-39) श्रीमती शीला सिंह, पार्षद (वार्ड-20)  सुनील यादव, पार्षद (वार्ड-01)  नकुल तिर्की, पार्षद (वार्ड-44)  परमजीत सिंह टिंकू, काकें डैम छठ पूजा समिति अध्यक्ष श्री अखिलेश राय,  कुमुद रंजन दुबे, जतरा स्थल से प्रदीप लकड़ा एवं  कैला यादव,

बड़ा तालाब छठ पूजा समिति अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, धुर्वा छठ पूजा समिति से  राजीव रंजन कुमार, बटन तालाब छठ पूजा समिति अध्यक्ष अनिल गुप्ता तथा अन्य छठ पूजा समितियों के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

जिला प्रशासन छठ महापर्व को पूर्ण सुरक्षा, स्वच्छता, सुविधा और अनुशासन के साथ संपन्न कराने के लिए प्रयासरत है।

उपायुक्त  मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिला प्रशासन सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर छठव्रतियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने का हर संभव प्रयास करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…