स्वस्थ जीवन के लिए अनुशासित दिनचर्या, सकारात्मक सोच, संतुलित जीवनशैली जरूरी: अरुण ऋषि
रिम्स में “बेहतर जीवन जीने की कला” पर विशेष प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित
शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक प्रसन्नता, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली का समन्वय भी आवश्यक: रिम्स निदेशक
RANCHI: राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में शुक्रवार को “बेहतर जीवन जीने की कला” विषय पर ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम “आपके अनमोल स्वास्थ्य के नाम” समर्पित था।
कार्यक्रम में रिम्स के निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य, संस्थान के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में चिकित्सक, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता 73 वर्षीय श्री अरुण ऋषि “स्वर्गीय” रहे, जिन्होंने स्वस्थ एवं बेहतर जीवन जीने के अपने अनुभवों और जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को साझा किया।
उन्होंने बताया कि वे पिछले 47 वर्षों से किसी बीमारी से ग्रसित नहीं हुए हैं।

अपने अनुभवों के माध्यम से उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए अनुशासित दिनचर्या, सकारात्मक सोच, संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति सजगता के महत्व पर प्रकाश डाला।
श्री अरुण ऋषि की सरल, व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक प्रस्तुति ने उपस्थित चिकित्सकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं दीर्घायु से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद भी हुआ।
ज्ञानवर्धक जानकारी के साथ कार्यक्रम में मनोरंजन का भी समावेश रहा, जिससे वातावरण जीवंत और सकारात्मक बना रहा।
रिम्स निदेशक ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन केवल बीमारी से मुक्त रहने का नाम नहीं है,
बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक प्रसन्नता, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली का समन्वय भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम संस्थान के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
