August 17, 2026

JPSC/JSSC परीक्षाओं में बहाल संदिग्ध लोगों को तुरंत पदमुक्त करें सीएम, पूरे प्रकरण की हो सीबीआई जांच : बाबूलाल मरांडी

0
IMG-20260812-WA0049

RANCHI: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से JPSC/JSSC परीक्षाओं में बहाल संदिग्ध लोगों को पदमुक्त करने और इस पूरे प्रकरण की तुरंत निष्पक्ष व सीबीआई जांच का आदेश देने की मांग की है।

श्री मरांडी ने सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री को सम्बोधित करते हुए कहा है कि आजकल सोशल मीडिया पर JPSC/JSSC परीक्षाओं और बहाली को लेकर कुछ नाम (जैसे ‘मनीष भैया’ और अन्य) बहुत तेज़ी से घूम रहे हैं।

कथित तौर पर यह गंभीर आरोप लग रहे हैं कि इनकी बहाली पूरी तरह से गैर-कानूनी और धांधली का परिणाम है।

श्री मरांडी ने मुख्यमंत्री से कहा है कि यह पूरा मामला निश्चित रूप से आपके संज्ञान में भी आया होगा। अब नीति और न्याय का तकाज़ा यही है कि आप तुरंत प्रभाव से ऐसे सभी संदिग्ध लोगों को पदमुक्त करें और इस पूरे प्रकरण की एक तुरंत निष्पक्ष व सीबीआई जांच के आदेश दें। जांच में अगर रत्ती भर भी आरोप सही पाया जाता है, तो इन सारे गलत तरीके से चयनित दोषियों को एफआईआर कर अविलंब जेल भेजिए।

श्री मरांडी ने कहा कि सड़कों पर लाठियां खा रहे और न्याय मांग रहे छात्रों का व्यवस्था पर से टूटता भरोसा वापस पाने की दिशा में यह आपका एक बेहद अहम कदम होगा।

परंतु, यदि आप इस पर चुप्पी साधते हैं और ऐसा नहीं करते हैं, तो विवश होकर राज्य का युवा और आम जनमानस यही मानेगा कि इस घोटाले में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से आपकी भी सहभागिता है। झारखंड का युवा आपसे न्याय की उम्मीद कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…