उदयपुर, राजस्थान में वरिष्ठ चिकित्सकों पर हुए हमले के विरोध में झारखंड के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में JDN एवं MSN सदस्यों का विरोध प्रदर्शन
RANCHI: उदयपुर, राजस्थान में एक मरीज को बेहतर उपचार हेतु उच्च केंद्र में रेफर किए जाने के पश्चात उसके परिजनों द्वारा वरिष्ठ चिकित्सकों पर किए गए हिंसक हमले के विरोध में मंगलवार को झारखंड के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क (JDN) झारखंड एवं मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क (MSN) के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी मरीज को बेहतर उपचार के लिए उच्च केंद्र में रेफर करना चिकित्सा सेवा का एक महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार हिस्सा है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार जिस मरीज को रेफर किया गया था, उसकी स्थिति वर्तमान में रेफर किए गए अस्पताल में स्थिर एवं संतोषजनक है तथा उसका उपचार सुचारु रूप से चल रहा है।
इसके बावजूद चिकित्सकों पर किया गया हमला अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है।
JDN एवं MSN के सदस्यों ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध बढ़ती हिंसा चिकित्सा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस प्रकार की घटनाएं चिकित्सकों एवं मेडिकल छात्रों के मनोबल को प्रभावित करती हैं तथा स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन में बाधा उत्पन्न करती हैं।

प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की तथा देशभर के अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
JDN झारखंड एवं MSN के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध हिंसा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है तथा ऐसे मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जानी चाहिए।
