तेजी से शहरीकरण वाले जिलों में बनेगी सैटलाइट टाउनशिप
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने का दिया निर्देश
RANCHI: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए झारखंड के तेजी से शहरीकरण वाले जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है।
झारखंड मंत्रालय में GRDA और राॅंची स्मार्ट सिटी से जुड़े भूमि मामलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने शहरों के सुनियोजित विस्तार पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जमीन, कनेक्टिविटी, बुनियादी सुविधाएं, रोजगार और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखकर योजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि शहरी विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित माहौल और आसान आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता हो।
बैठक में राॅंची स्मार्ट सिटी के विस्तार, HEC से जुड़े भूमि मामलों और शहरी विकास को गति देने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने भूमि संबंधी प्रक्रियाओं में तेजी लाने और योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
