रिम्स में प्रशासनिक दायित्वों का पुनर्गठन, विभिन्न पदों पर प्रभार सौंपे गए

0
Screenshot_20260610_115420_Chrome

प्रो. डॉ. राजीव मिश्रा, प्राध्यापक, शिशु रोग विभाग के बने संकायाध्यक्ष 

डॉ. पार्थ कुमार चौधरी, प्राध्यापक, शिशु रोग विभाग को आगामी आदेश तक विभागाध्यक्ष

डॉ. निशीथ एम. पॉल एक्का, अपर प्राध्यापक, सर्जरी विभाग को उप-संकायाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार

डॉ. राहुल प्रसाद को उनके वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त डीन, छात्र कल्याण का अतिरिक्त प्रभार

RANCHI: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं छात्र कल्याण संबंधी कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।

प्रो. डॉ. राजीव मिश्रा, प्राध्यापक, शिशु रोग विभाग को आगामी आदेश तक संकायाध्यक्ष का प्रभार प्रदान किया गया है।

साथ ही, प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रो. डॉ. पार्थ कुमार चौधरी, प्राध्यापक, शिशु रोग विभाग को आगामी आदेश तक विभागाध्यक्ष, शिशु रोग विभाग का प्रभार दिया गया है।
संस्थान में एमबीबीएस एवं पीजी सुपरस्पेशियलिटी सीटों में प्रस्तावित वृद्धि की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से डॉ. निशीथ एम. पॉल एक्का,

अपर प्राध्यापक, सर्जरी विभाग को उप-संकायाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में रिम्स प्रशासन द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, नेत्र रोग विभाग के अपर प्राध्यापक डॉ. राहुल प्रसाद को उनके वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त डीन, छात्र कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

छात्र कल्याण से संबंधित कार्यों एवं दायित्वों का विधिवत हस्तांतरण एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापक प्रो. डॉ. शिव प्रिये द्वारा किया जाएगा,

जिसके उपरांत डॉ. राहुल प्रसाद अपने नए दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
रिम्स प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि इन प्रशासनिक दायित्वों के पुनर्गठन से छात्र कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, शैक्षणिक गतिविधियों एवं संस्थान के समग्र प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलेगी।

साथ ही, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, सुपरस्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के विस्तार तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता और अधिक सुदृढ़ होगी।

छात्र हित एवं संस्थान के समग्र विकास में पूर्व डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. डॉ. शिव प्रिये का उल्लेखनीय योगदान

रिम्स, रांची के पूर्व डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) प्रो. डॉ. शिव प्रिये ने अपने कार्यकाल के दौरान छात्र कल्याण एवं परिसर के समग्र विकास की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल कीं।

उनके नेतृत्व में छात्र सुविधाओं, सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनका लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को प्राप्त हुआ।

प्रो. डॉ. शिव प्रिये के कार्यकाल में छात्रावासों में प्रवेश व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं अनुशासित बनाने के लिए पहली बार रात्रि 10 बजे एंट्री टाइम निर्धारित किया गया।

विद्यार्थियों की सुविधा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बैचवार हॉस्टल आवंटन प्रणाली लागू की गई।

छात्रावासों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने हेतु सभी हॉस्टलों का चरणबद्ध नवीनीकरण (रेनोवेशन) कराया गया।

परिसर की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अलग एवं सुरक्षित कैंपस व्यवस्था विकसित की गई तथा गेट कीपर्स की तैनाती सुनिश्चित की गई।

साथ ही परिसर में सड़कों, प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल सुविधाओं में व्यापक सुधार किया गया।

छात्राओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए गर्ल्स हॉस्टल में लगभग 150 नए कमरों की व्यवस्था की गई।

इसके अतिरिक्त, लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए पैरामेडिकल की छात्राओं के लिए भी हॉस्टल आवंटन सुनिश्चित किया गया, जिससे उन्हें संस्थान परिसर में सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सका।

पर्यावरण संरक्षण एवं आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में छात्रावासों की मेस में कोयले के उपयोग को बंद कर जीएआईएल (GAIL) की गैस पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति प्रारंभ कराई गई।

यह पहल स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर भोजन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।
छात्र प्रतिनिधित्व को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संस्थान के इतिहास में पहली बार अंडरग्रेजुएट स्टूडेंट्स यूनियन चुनाव सफलतापूर्वक आयोजित कराया गया, जिससे विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर प्रो. डॉ. शिव प्रिये ने नव नियुक्त डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राहुल प्रसाद को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. राहुल प्रसाद छात्र हितों एवं संस्थान के विकास को नई दिशा देंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी संस्थान एवं छात्र हित से जुड़े प्रत्येक कार्य में उनका पूर्ण सहयोग बना रहेगा तथा सभी मिलकर एक टीम के रूप में रिम्स के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…