रिम्स में भर्ती मरीज का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी, निदेशक ने लिया जायजा
RANCHI: रिम्स के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में भर्ती डेमोटांड़, हजारीबाग निवासी 21 वर्षीय महिला सोमवार को गायनी विभाग की चौथी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद उन्हें रिम्स ट्रॉमा सेंटर की सेंट्रल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में मरीज को मल्टीपल फ्रैक्चर पाए गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार वह पोस्टपार्टम साइकोसिस से भी पीड़ित हैं।
वर्तमान में ऑर्थोपेडिक्स, ट्रॉमा, एनेस्थीसिया, गायनी एवं अन्य संबंधित विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका समन्वित एवं सतत उपचार किया जा रहा है।
रिम्स के कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) डी. के. सिन्हा ने ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. (डॉ.) प्रदीप भट्टाचार्य एवं उपाधीक्षक (ट्रॉमा सेंटर) डॉ. साकेत वर्मा के साथ ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर मरीज की चिकित्सकीय स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने उपचाररत चिकित्सकों के साथ आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की तथा मरीज के परिजनों से मिलकर उन्हें हरसंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
रिम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना के संबंध में आवश्यक प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन किया जा रहा है।
