जिला अस्पताल, रांची में अत्याधुनिक न्यूरो फिजियोलॉजी लैब का शुभारंभ
RANCHI: जिला अस्पताल, रांची में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में अत्याधुनिक न्यूरो फिजियोलॉजी लैब का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस लैब का उद्घाटन सिविल सर्जन, रांची डॉ. प्रभात कुमार द्वारा किया गया, जिसमें उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह लैब राज्य के जिला अस्पतालों में अपनी तरह की पहली सुविधा है, जहाँ अब मरीजों को न्यूरोलॉजिकल जांच के लिए बड़े शहरों या निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इस लैब का मार्गदर्शन डॉ. संजीव कुमार शर्मा (DM न्यूरोलॉजी, AIIMS) एवं डॉ. अहमद हुसैन (DrNB न्यूरोलॉजी) द्वारा किया जाएगा, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और विशेषज्ञता सुनिश्चित होगी।
इस अत्याधुनिक लैब में निम्नलिखित जांच सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी:
• NCS (Nerve Conduction Study)
• EEG (Electroencephalography)
• EMG (Electromyography)
• VEP (Visual Evoked Potential)
• RNST (Repetitive Nerve Stimulation Test)
अब तक ये सभी जांच सुविधाएँ झारखंड के किसी भी जिला अस्पताल में उपलब्ध नहीं थीं। इस पहल से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को अत्यधिक लाभ मिलेगा।
यह लैब मिर्गी (Epilepsy), नसों से संबंधित रोगों, मांसपेशियों की बीमारियों एवं न्यूरोलॉजिकल विकारों के सटीक निदान में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
साथ ही, यह सुविधा श्रवण विकलांगता से ग्रसित बच्चों के समय पर परीक्षण एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ट्रॉमा के मरीजों के लिए भी यह लैब अत्यंत उपयोगी साबित होगी, क्योंकि इसके माध्यम से आंतरिक चोटों एवं नसों की क्षति का सटीक पता लगाया जा सकेगा, जिससे समय पर उपचार संभव हो पाएगा।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि यह नई सुविधा न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि करेगी, बल्कि मरीजों को सुलभ, सस्ती एवं समय पर जांच उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
जिला अस्पताल, रांची निरंतर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहल जारी रखेगा।
