अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा के लिए बनेगा पक्का घर : संजय सेठ

0
IMG-20260528-WA0031

खिलाड़ियों के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में रक्षा राज्य मंत्री की पहल

RANCHI:  अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी ओरमांझी निवासी दिव्यानी लिंडा के पक्का घर बनने का सपना अब पूरा होने वाला है। रक्षा राज्य मंत्री  संजय सेठ ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है।

रक्षा राज्य मंत्री  संजय सेठ ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का यह स्पष्ट दृष्टिकोण रहा है कि देश के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सम्मान मिलेगा तो वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का गौरव और अधिक बढ़ाएंगे।

प्रधानमंत्री जी के इसी प्रेरणादायी विचार से प्रेरित होकर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा के लिए पक्का घर बनवाने का संकल्प लिया गया था, जो अब जल्द ही धरातल पर उतरने जा रहा है।

इसी क्रम में आज सुबह संजय सेठ दिव्यानी लिंडा के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके परिवारजनों से मुलाकात कर घर निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान घर निर्माण की आवश्यकताओं और सुविधाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बहुत जल्द नए घर का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

श्री सेठ ने कहा कि यह केवल एक घर निर्माण का कार्य नहीं है, बल्कि यह हमारे खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और सपनों को मजबूती देने का प्रयास है।

हमारे खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद देश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर मेहनत करते हैं। ऐसे खिलाड़ियों को सम्मान और सहयोग देना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिव्यानी लिंडा आने वाले नेशनल गेम्स 2030 एवं ओलंपिक 2036 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगी।

श्री सेठ ने कहा कि खिलाड़ियों के विकास, सम्मान और प्रोत्साहन के लिए उनका प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई उपलब्धियां हासिल कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…