फिल्म ‘हनुमान अंश’ को झारखंड में टैक्स फ्री करने की मांग
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा पत्र
सत्य, साहस, सेवा, त्याग और धर्म के प्रति निष्ठा जैसे सनातन मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है यह फिल्म।
RANCHI: रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर हाल ही में रिलीज हुई हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को झारखंड में कर-मुक्त (Tax Free) करने का आग्रह किया है।
श्री सेठ ने कहा कि यह फिल्म भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और भगवान हनुमान के प्रति श्रद्धा को आधुनिक संदर्भ में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।
फिल्म का कथानक महान संत एवं हनुमान भक्त नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आदर्शों पर आधारित है।
झारखंड की जनता में भी नीम करौली बाबा के प्रति गहरी श्रद्धा है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए कैंची धाम जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सत्य, साहस, सेवा, त्याग और धर्म के प्रति निष्ठा जैसे सनातन मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने में ऐसी फिल्मों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
‘हनुमान अंश’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने का माध्यम है।
श्री संजय सेठ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि फिल्म के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए इसे झारखंड में कर-मुक्त करने के संबंध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
इससे समाज के सभी वर्गों को यह फिल्म देखने का अवसर मिलेगा और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का एक और माध्यम उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने वाली सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है।
विदित हो कि हाल ही में उत्तराखंड सरकार ने भी ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।
