अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने किया विशेष योग शिविर का शुभारंभ
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 6 से 20 जून तक विशेष योग शिविर का आयोजन
योग स्वस्थ जीवन का आधार: शशि प्रकाश झा
RANCHI: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में राजयोगा सेंटर, ईस्ट जेल रोड, रांची में 6 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित होने वाले विशेष योग शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक सह निदेशक आयुष शशि प्रकाश झा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और “योग कीजिए, निरोग रहिए” के संदेश को राज्य के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों और अंतिम पंचायत तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य की आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अपने निकटवर्ती जिला अस्पताल,
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित योग सत्रों में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ झारखंड, सुखी झारखंड के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि विशेष योग शिविर का आयोजन 6 जून से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। वहीं, राजयोगा सेंटर में वर्षभर नियमित रूप से योग प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने वरिष्ठ योग प्रशिक्षक डॉ. अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया तथा “योग करें, निरोग रहें” का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. कृष्ण कुमार, उपनिदेशक (आयुर्वेद), डॉ. नुजहत सुल्ताना, उपनिदेशक (यूनानी), डॉ. वकील कुमार सिंह, रजिस्ट्रार आयुष, डॉ. लाल मांझी,
डॉ. राहुल किशोर सिंह, डॉ. अनुज मंडल, महर्षि रमण, अनिल कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
सभी ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लिया।
