चुनावी जनसभा में बोले CM योगी, ‘आज का भारत आतंकवाद और नक्सलवाद के सामने घुटने नहीं टेकता’

0

कोरबा । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दस साल में हमने बदलते भारत को देखा है। एक ऐसा भारत जिसका विश्व में सम्मान बढ़ा है। आज भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। आज का भारत आतंकवाद और नक्सलवाद के सामने घुटने नहीं टेकता है।

कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी सरोज पांडे के समर्थन में सीएसईबी ग्राउंड में आयोजित जनसभा में आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौरान देश में नक्सलवाद और आतंकवाद चरम पर था। तो वहीं मोदी सरकार नक्सलवाद और आतंकवाद को कम करने में सफल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत जहां 80 करोड़ नागरिकों को मुफ्त राशन दे रहा है, वहीं पड़ोसी पाकिस्तान में 23 करोड़ लोग भूख से लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के साथ कांग्रेस की आंतरिक समझ है। यह बात किसी से छिपी नहीं है। युवाओं के हाथों में टैब होना चाहिए था लेकिन कांग्रेस सरकारों ने उन्हें पिस्तौल थमा दी। कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ खेलती है और समाज को बांटने का काम करती है। जब कांग्रेस के नेता और विपक्ष के नेता कुछ नहीं कर सकते तो वो प्रधानमंत्री मोदी को गाली देना शुरू कर देते हैं लेकिन मोदीजी के लिए पूरा देश एक परिवार है। वह 140 करोड़ भारतीयों की सेवा करने के लिए काम करते हैं। कांग्रेस की सरकार में लोग भूख से मरते थे। किसान आत्महत्या करते थे। महिलाएं और बिजनेसमैन असुरक्षित थे और आतंकी देश में प्रवेश करने के बाद नियमित हमले करते थे।

आदित्यनाथ ने कहा कि यह भगवान राम का ननिहाल है। माता कौशल्या का मायका है। इसलिए रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सबसे ज्यादा उल्लास कहीं था तो छत्तीसगढ़ में था। ऐसा कौन है जिसे ननिहाल अच्छा नहीं लगता। हमारे लिए भी यह ननिहाल है। वर्ष 2014 के पहले किसान आत्महत्या करता था। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थी। आतंकी कहीं भी घुसकर बम विस्फोट करते थे। अब कुछ भी होता है तो पाकिस्तान पहले सफाई दे देता है कि हमने कुछ नहीं किया। उसे पता है कि अगर किसी भी धमाके में पाकिस्तान का हाथ आया तो भारतीय सेना घर में घुसकर मारेगी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मोदी जी 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन का लाभ दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा शासन में मुफ्त चावल मिल रहा है। कांग्रेस के राज में जनता भूखे मरती थी। कांग्रेसी तो कमीशन खाने के आदी हैं। उनकी कमीशनखोरी को लगाम लगाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने जन-धन अकाउंट खोले हैं। दिल्ली और रायपुर से अगर पैसा आपको भेजा जाएगा तो उसमें कोई कांग्रेसी दलाल डकैती नहीं डाल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *