रिम्स में हरित एवं स्वच्छ परिसर के संकल्प के साथ पौधरोपण अभियान आयोजित
RANCHI: राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के छात्रावास संख्या–8 परिसर में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा रिम्स परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व डीन छात्र कल्याण (Dean Student Welfare – DSW) डॉ. राहुल प्रसाद ने किया। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक डॉ. अनित कुजूर एवं डॉ. शिशिर, छात्रावास के केयरटेकर तथा रिम्स की इकोलॉजिकल सोसाइटी के छात्र स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया।
पौधरोपण के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने “ग्रीन कैंपस एवं क्लीन कैंपस” के निर्माण का संकल्प लिया तथा परिसर में लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर DSW ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संस्थान में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी तथा रिम्स परिसर को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
DSW ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण भी किया एवं छात्रों के समस्याओं की जानकारी ली।
