राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण की

0
IMG-20260414-WA0012

RANCHI:  राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज डोरंडा, राँची स्थित अंबेडकर चौक जाकर भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं महान समाज सुधारक भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित की।

उक्त अवसर पर राज्यपाल ने उपस्थित पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर न केवल भारतीय संविधान के शिल्पकार थे,

बल्कि संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश को ऐसा संविधान प्रदान किया, जो लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि उनके इस महान योगदान के कारण हमें विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक राष्ट्र का नागरिक कहलाने का गौरव प्राप्त है।

राज्यपाल महोदय ने कहा कि बाबासाहेब ने देश को एक सशक्त, समावेशी एवं न्यायपूर्ण दिशा प्रदान की।

उनके द्वारा निर्मित संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता एवं गरिमा के साथ जीवन जीने का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, संकल्प एवं आत्मविश्वास का प्रेरणादायी उदाहरण है।

विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने उच्चतम शिक्षा प्राप्त कर समाज में व्याप्त भेदभाव एवं असमानता के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया।

उनका दृढ़ विश्वास था कि शिक्षा समाज में परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है।राज्यपाल महोदय ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों एवं आदर्शों को केवल स्मरण ही न करें, बल्कि उन्हें अपने आचरण में भी आत्मसात करें।

एक समरस एवं सशक्त समाज के निर्माण में सबकी सक्रिय भागीदारी ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन, राज्य सभा सांसद महुआ माजी ने भी भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…