झारखंड में मौसम लेगा करवट, 29 मई से मिलेगी राहत

0
IMG-20260527-WA0001

कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट

RANCHI: झारखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

लेकिन 29 मई से मौसम बदलने लगेगा। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके साथ ही तेज हवा, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, रांची,

रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, धनबाद, बोकारो, गुमला, कोडरमा और लोहरदगा में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में फिलहाल गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों में हीट वेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।

दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के करीब 10 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में सबसे ज्यादा 19.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

वहीं डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 27 और 28 मई तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 29 मई से 1 जून के बीच तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…