हरमू नदी एवं लालपुर-कोकर मार्ग स्थित वेंडर मार्केट का अपर नगर आयुक्त द्वारा निरीक्षण, स्वच्छता एवं अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था के दिए निर्देश

0
IMG-20260504-WA0068

RANCHI:  अपर नगर आयुक्त श्री संजय कुमार द्वारा रांची नगर निगम की टीम के साथ हरमू नदी एवं लालपुर-कोकर मार्ग, डिस्टलरी पुल स्थित वेंडर मार्केट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हरमू नदी का निरीक्षण:

अपर नगर आयुक्त ने हरमू नदी की वर्तमान सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए आगामी मॉनसून को ध्यान में रखते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत अधिक से अधिक सफाई मित्रों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा आधुनिक मशीनों एवं पर्याप्त मानव संसाधनों की सहायता से नदी में वर्षों से जमे ठोस अपशिष्ट, प्लास्टिक, गाद एवं अन्य कचरे को हटाया जाए।

साथ ही हॉर्टिकल्चर शाखा को निर्देश दिया गया कि नदी तटों पर आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बागवानी की जाए, जिससे न केवल क्षेत्र का सौंदर्य बढ़े बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी सुदृढ़ हो।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हरमू नदी की स्वच्छता के साथ-साथ उसके प्राकृतिक प्रवाह को पुनर्स्थापित करना है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि हरमू नदी में किसी भी प्रकार का कचरा, गंदा पानी या अपशिष्ट न डालें और इसे स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।

वेंडर मार्केट (लालपुर-कोकर मार्ग) का निरीक्षण:

अपर नगर आयुक्त ने लालपुर-कोकर मार्ग स्थित वेंडर मार्केट का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने उपस्थित वेंडर्स से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और मार्केट में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क पर अवैध एवं बेतरतीब ढंग से लगाए गए दुकानों, ठेला-खोमचा को हटाने के निर्देश भी दिए, ताकि यातायात सुगम एवं सुरक्षित रह सके।

इस अवसर पर संबंधित अभियंतागण, नगर प्रबंधक एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…