August 31, 2026

4 सितंबर को गूंजेगा नंद के घर आनंद भयो… जय कन्हैया लाल की!

0
Screenshot_20260830_185941_Chrome

कान्हा के जन्मोत्सव की प्रतीक्षा में तैयार रांची

अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का विशेष संयोग

मंदिरों में सजेगी कान्हा की मनमोहक झांकी, दही-हांडी में दिखेगा गोविंदाओं का उत्सव

प्रवीण उपाध्याय 

RANCHI:  जब मध्यरात्रि में शंखनाद होगा, मंदिर की घंटियां गूंजेंगी और झूले में नन्हे कान्हा विराजेंगे, तब ऐसा लगेगा मानो नंद के आंगन की खुशियां रांची की गलियों तक उतर आई हों। कान्हा का जन्म हमें यह संदेश देगा कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, सत्य का दीप कभी बुझता नहीं, अन्याय कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, धर्म की विजय निश्चित है।

घड़ी की सुइयां जैसे मध्यरात्रि की ओर बढ़ेंगी, वैसे राजधानी की धड़कनें कान्हा के जन्मोत्सव की प्रतीक्षा में तेज होती जाएंगी। मंदिरों में शंखनाद होगा, घंटियां गूंजेंगी और जयकारों से गूंज उठेगा—नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की।

जन्म के उस पावन क्षण में वातावरण केवल जयकारों से नहीं, बल्कि भक्ति, प्रेम और आस्था की भावनाओं से भी भर उठेगा।

नंदलाला स्वयं आंगन में पधारें, हर मन हो आनंदित

भक्तों को ऐसा अनुभव होगा, मानो नंदलाला स्वयं उनके आंगन में पधार गए हों। आस्था और भक्ति के पावन पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर रांची में उत्साह चरम पर है।

इस वर्ष 4 सितंबर को जन्माष्टमी ऐसे विशेष संयोग में मनाई जाएगी, जब अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र का संयोग रहेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र के इसी पावन संयोग में मध्यरात्रि के समय हुआ था।

यही वजह है कि इस बार की जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था दिखाई दे रही है।

मध्यरात्रि में होगा कान्हा का जन्मोत्सव

हिनू महामृत्युंजय महादेव मंदिर के पुरोहित प्रेम उपाध्याय ने बताया कि महावीर पंचांग के अनुसार भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 3 सितंबर की रात 1 बजकर 33 मिनट से शुरू होकर 4 सितंबर की रात 11 बजकर 13 मिनट तक रहेगी।

वहीं रोहिणी नक्षत्र 3 सितंबर की रात 12 बजकर 45 मिनट से शुरू होकर 4 सितंबर की रात 11 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। उदयातिथि के अनुसार 4 सितंबर को पूरे दिन अष्टमी तिथि रहने के कारण इसी दिन जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा।

जन्माष्टमी की सबसे प्रतीक्षित घड़ी मध्यरात्रि होगी। भगवान श्रीकृष्ण की जन्म पूजा के लिए रात 11 बजे से 1 बजे तक का समय शुभ रहेगा। इसी अवधि में मंदिरों और घरों में विधि-विधान के साथ बाल गोपाल का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

नंदलाला के स्वागत में सजेगी रांची

राजधानी के हिनू महामृत्युंजय महादेव मंदिर, डोरंडा राधा-कृष्ण मंदिर सहित अन्य देवालयों में जन्माष्टमी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

मंदिर परिसरों को फूलों, आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोहेंगी। कहीं नन्हे कान्हा माखन की मटकी के साथ नजर आएंगे, तो कहीं यशोदा की गोद में बाल कृष्ण की मनमोहक छवि भक्तों को भाव-विभोर करेगी।

भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर कृष्णमय होंगे। जन्माष्टमी की रात राजधानी में जगह-जगह राधे-कृष्ण के जयकारे और भक्ति गीत सुनाई देंगे।

घर-घर सजेंगे लड्डू गोपाल

जन्माष्टमी का उत्सव मंदिरों तक सीमित नहीं रहेगा। घरों में भी लड्डू गोपाल के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भक्त कान्हा के लिए नए वस्त्र, मुकुट, बांसुरी और आभूषण तैयार कर रहे हैं।

छोटे-छोटे झूले सजाए जा रहे हैं। मध्यरात्रि में भगवान के जन्म के बाद विशेष पूजा, आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। कई घरों में बाल गोपाल के जन्म की खुशी में विशेष भोग भी लगाया जाएगा।

असत्य पर सत्य की जीत : अरविंद उपाध्याय

हिनू शिवपुरी कॉलोनी के सामाजिक विचारक अरविंद उपाध्याय ने बताया कि असत्य पर सदा सत्य की ही जीत होती है। परमात्मा हर जीव में निवास करते हैं।

प्रभु की शक्ति अलौकिक है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर महामृत्युंजय महादेव मंदिर हिनू परिसर को आकर्षक साज-श्रृंगार किया जाएगा।

दही-हांडी में दिखेगा गोविंदाओं का उत्सव

जन्माष्टमी की पहचान बन चुकी दही-हांडी और मटकी फोड़ प्रतियोगिता इस बार भी उत्सव नजर आएगी। दही-हांडी स्पर्धा स्थल और उसके आसपास फूलों से आकर्षक सजावट की जा रही है।

मटकी फोड़ने के लिए गोविंदाओं की टोलियां पूरे उमंग के साथ मैदान में उतरेंगी। मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकी मटकी को फोड़ने का रोमांचक दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे।

मटकी टूटते ही गोविंदा आला रे और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठेगा। आस्था और उत्साह का यह संगम जन्माष्टमी की खुशियों को और यादगार बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…