IPL 2024: सीजन में पहली बार बल्लेबाजी करने उतरे धोनी, मैदान पर मचाया बल्ले से धमाल

0

विशाखापट्टनम । जिस मैदान ने एमएस धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली पहचान दी थी विशाखापट्टनम के उसी मैदान पर उन्होंने आईपीएल 2024 में पहली बार बल्लेबाजी करते हुए धमाल मचा दिया।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रविवार को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में खराब शुरुआत के बाद सीएसके की टीम संभल गई थी लेकिन मुकेश कुमार ने बीच के ओवरों में तीन विकेट चटकाकर चेन्नई को हार के मुहाने पर ला खड़ा किया।

धोनी-धोनी के नारों से गूंज उठा स्टेडियम

ऐसे में एमएस धोनी पहली बार सीजन में बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे। 17वें ओवर में जैसे ही धोनी ने मैदान में एंट्री की पूरा स्टेडियम धोनी-धोनी के नारों से गूंज गया। सीएसके को जीत के लिए 23 गेंद में 72 रन बनाने थे। ऐसे में धोनी ने मुकेश कुमार के खिलाफ पहली गेंद पर चौका जड़कर शुरुआत की और दर्शकों का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया लेकिन अगली ही गेंद पर खलील अहमद ने माही का कैच बैकवर्ड प्वाइंट पर छोड़कर उन्हें जीवनदान दे दिया। जीवनदान मिलने के बाद ओवर का अंत भी धोनी ने चौके के साथ किया।

खलील अहमद के खिलाफ जड़ा पहला छक्का

धोनी ने अपनी पारी का पहला छक्का खलील अहमद की गेंद पर 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जड़ा। जैसे जैसे मैच अंतिम ओवरों में पहुंचा धोनी और आक्रामक होते गए। हालांकि 19वें ओवर में मुकेश कुमार के खिलाफ धोनी 4 गेंद में एक रन बना सके और यहीं पर मैच सीएसके के हाथ से खिसक गया। 19वें ओवर में मुकेश ने केवल 5 रन दिए ऐसे में अंतिम ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 41 रन बनाने का असंभव सा लक्ष्य मिला।

नोर्खिया के ओवर में धोनी ने जड़े 20 रन

ऐसे में आखिरी ओवर में स्ट्राइक पर खड़े एमएस धोनी ने एनरिक नॉर्खिया के खिलाफ हल्ला बोल दिया। धोनी ने ओवर की शुरुआत चौके के साथ की और दूसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर कोई रन धोनी ने लिया लेकिन चौथी गेंद पर उन्होंने एक और शानदार चौका जड़ दिया। पांचवीं गेंद फिर खाली रहे लेकिन ओवर का अंत धोनी ने छक्के के साथ किया। धोनी अंत में 16 गेंद में 37 रन बनाकर नाबाद रहे लेकिन अपनी टीम को 20 रन के अंतर से हार से नहीं बचा सके। धोनी ने अपनी आतिशी पारी में 4 चौके और तीन छक्के जड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *