भोपाल समेत दर्जनभर जिलों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट

0

भोपाल । उत्तर भारत के तरफ से आ रही सर्द हवाओं से पूरे प्रदेश में सिहरन बढ़ने लगी है। इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश में सबसे कम 13.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। मंडला सहित 12 शहरों दतिया, गुना, ग्वालियर, रायसेन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, बैतूल, नौगांव, रीवा, मलाजखंड एवं उमरिया में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी भोपाल में भी न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का मिजाज अभी इसी तरह बना रहने की संभावना है।

पारे का लुढ़कना जारी
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। वातावरण में नमी काफी कम रहने के कारण मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। इस वजह से रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में दिन के समय तो हवा का रुख कभी पश्चिमी तो कभी दक्षिणी हो जाता है, लेकिन शाम ढलते ही हवा का रुख उत्तरी हो जाता है। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण ही पूरे प्रदेश में धीरे-धीरे सिहरन बढ़ने लगी है। इस तरह का सिलसिला अभी बना रहने की संभावना है।

यहां सक्रिय है पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विज्ञानी शुक्ला ने कहा, हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में ईरान और उससे लगे अफगानिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में सक्रिय हो गया है। इसके आगे बढ़ने के बाद उत्तर भारत के मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *