भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीता स्वर्ण, जापान को 5-1 से हराया

0

हांगझू (Hangzhou)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को जापान को 5-1 से हराकर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपना नाम किया। एशियाई खेलों में भारत का यह 22वां स्वर्ण पदक था। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो (32वें और 59वें मिनट), मनप्रीत सिंह (25वें मिनट), अमित रोहिदास (36वें मिनट) और अभिषेक (48वें मिनट) ने 1-1 गोल किया।

इस मैच में दोनों टीमों ने रक्षात्मक शुरुआत की, फलस्वरूप पहला क्वार्टर गोल रहित समाप्त हुआ। मैच का पहला गोल दूसरे क्वार्टर में आया, जब मैच के 25वें मिनट में मनप्रीत सिंह ने बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक भारतीय टीम 1-0 से आगे रही।

मध्यांतर के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक रूख अपनाया और मैच के 32वें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टीकॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। मैच के 36वें मिनट में अमित रोहिदास ने एक और बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। मैच के 48वें मिनट में हार्दिक सिंह के पास पर अभिषेक ने भारत के लिए चौथा गोल किया।

51वें मिनट में जापान को पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार तनाका सेरेन ने गोल कर जापान का खाता खोला।

मैच खत्म होने से कुछ समय पहले भारत को पेनल्टीकॉर्नर मिला और इस बार हरमनप्रीत सिंह ने मैच का अपना दूसरा और भारत के लिए पांचवां गोल किया और स्कोर 5-1 हो गया, और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ ही भारतीय हॉकी टीम ने न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

इस स्वर्ण के साथ ही भारत ने एशियाई खेलों में अब तक 95 पदक जीत लिये हैं, जिनमें 22 स्वर्ण, 34 रजत और 39 कांस्य पदक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *