भाजपा पर प्रियंका गांधी का बड़ा हमला, कहा- धर्म के नाम पर वोट 18 साल से मामा सिर्फ ये कह रहे कि फिक्र मत करो..’

0

भाजपा पर प्रियंका गांधी का बड़ा हमला, कहा- धर्म के नाम पर वोट मांगती है भाजपा, ये आदत आपने बिगाड़ी है।मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अब बेहद कम वक्त बचा है। 17 नवंबर को मध्यप्रदेश में मतदान होना है। इससे पहले प्रदेश में चुनाव प्रचार चरम पर है। इस कड़ी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रीवा में चुनावी सभा को संबोधित किया। रीवा में प्रियंका अलग ही अंदाज में नजर आईं और पीएम नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर हमला बोला। इस दौरान प्रियंका ने मंच से दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी को याद करते हुए जनता से जागरूक होकर विवेक के साथ वोट करने की अपील भी की।

प्रियंका गांधी के भाषण की मुख्य बातें…
– विंध्य की महिमा हमारे राष्ट्रगान में भी है इसका जिक्र है जो हमारे लिए गर्व की बात है।
– नेहरू जी को रीवा का चचाई फॉल बेहद पसंद था वो यहां आया करते थे। एक बार इंदिरा जी को भी लाए थे।
– इंदिरा जी और पिता जी राजीव गांधी को भी रीवा बहुत पसंद था वो यहां अक्सर आया करते थे।
– मेरे पिता राजीव गांधी भी शहीद होने से एकदम पहले भी यहां आए थे और यहां पर भाषण भी दिया था।
– राजीव जी जनता को अपने ऊपर मानते थे जबकि आजकल के नेता जनता से ऊपर अपने को मानते हैं।
– प्रियंका गांधी ने मंच से कांग्रेस के घोषणा पत्र की घोषणाएं गिनाईं।
– अब विंध्य के लोग भाजपा से ऊब चुके हैं। क्यों ऊब चुके हैं 18 साल से इनकी सरकार ला रहे हो। झूठ बोलने की आदत है, भ्रष्टाचार है, महंगाई है और बेरोजगारी है।
– मध्यप्रदेश के जो हालात है वो आप खुद देख रहे हैं जान रहे हैं। आपने बार-बार मामा जी को वोट दिया । जब आपकी समस्याएं खड़ी हुईं तो आपने पूछा कि हमारे लिए क्या किया तो एक ही जवाब मिला हम आपके मामा हैं सब ठीक कर देंगे फिक्र मत करो।
– 18 साल से आप सुन रहे हो देख रहो कि हम मामा हैं सब कर देंगे।
-18 साल से आप देख रहे हैं जब जब चुनाव आता है धर्म की बातें होने लगती हैं, जाति की बातें होने लगती हैं। रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसानों की हालत के बारे में कोई बात नहीं करते हैं।
– रिश्ता निभाने से बनता है, रिश्ता बगैर काम करने से नहीं बनता। आज मैं भी जहां जाती हूं मुझ से पहले इंदिरा गांधी अमर रहे का नारा गूंजता है। आप ऐसा करते हैं तो मोदी जी इस पर सवाल उठाते हैं। आप ऐसा करते हैं कि क्योंकि उनसे आपका रिश्ता था उन्होंने आपके लिए काम किया। इंदिरा जी को मामी जी, चाची जी कहने की कोई जरुरत नहीं थी।
– आपको पता था कि इंदिरा जी जो कहेंगी वो करके दिखाएंगी। उनके गुजरने के 40 साल बाद भी आपका भरोसा उन पर बना हुआ है ये उनके कामों के कारण ही है। ये होता है नेता और जनता के बीच का रिश्ता। जो नेता के दिल में जनता के प्रति और जनता के दिल में नेता के प्रति होता है।
– आज के नेता ये समझ गए हैं कि जनता का ध्यान भटका दो, ऐसी बातें करो जिससे जनता का ध्यान भटक जाए नोट बटोर लो और सत्ता में आ जाओ। ये आदत आपने नेताओं में डाल दी।
– मेरे पिताजी प्रधानमंत्री थे वो अमेठी जाते थे मैं उनके साथ चली जाती थी वो जब जनता के बीच जाते थे तो गांव की महिलाएं उन्हें डांटती थीं कि आप भैय्या हो हमारे लेकिन आपने सड़क का वादा किया था अभी तक सड़क नहीं बनी है इस बार हम आपको वोट नहीं देगें। प्रधानमंत्री होकर भी पिताजी ये सारी बातें सुनते थे नाराज नहीं होते थे। उन्होंने ये नहीं कहा मीडिया ये दिखाओ मत, मुझसे ऐसी बात मत करो। वो कहते थे सच कह रही हो बहन, थोड़ा सा वक्त और दे दो करा दूंगा आर्डर दे दिया है।
– आज आप नेता को एहसास ही नहीं दिलाते कि काम नहीं करोगे तो हटा देंगे उनकी सरकार हटा देंगे।
– लोकतंत्र में किसी भी नेता की हिम्मत नहीं होनी चाहिए कि जनता के सामने आकर झूठी घोषणाएं करे और पांच साल बीत गए, अपने आसन पर बैठे रहे अपना महल बनाते रहे और अपने बच्चों को विदेश पढ़ने भेज दिया।
– मैंने कहा रिश्ता निभाने से बनता है वरना मामा कंस मामा भी थे।
– मध्यप्रदेश में हजारों लाखों युवा बेरोजगार हैं इसके बावजूद भाजपा के नेता आपसे वोट मांगते हैं आखिर कैसे?
– 18 साल में इस सरकार ने बहनों के लिए क्या किया ? 18 साल से गरीब रहीं, संकटों का सामना किया? संघर्षों में जीवन बिताया, 18 साल में जिन मामाजी ने उस संघर्ष को नहीं पहचाना चुनाव आने से दो महीने पहले क्यों पहचाना?
– लाडली योजना कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनते से ही चल रही है। चुनाव आने का इंतजार नहीं किया गया।
– सरकार का घोटाला जनता के पैसों की चोरी होती है।
– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए सरकार ने दो हवाई जहाज 16 हजार करोड़ रुपए के खरीदे तो ये जान लीजिए ये आपका पैसा है जिससे हवाई जहाज खरीदे गए।
– जी-20 जैसे बड़े-बड़े इवेंट देश में पहले भी हुए लेकिन इतनी फिजूलखर्ची नहीं हुई।
– जो कहते हैं कांग्रेस के लोग भ्रष्ट हैं वो क्या हैं। जिन्होंने देश की बड़ी बड़ी संपत्तियां अपने उद्योगपतियों को सौंप दिए वो क्या हैं। आपने अडाणी को सबकुछ बेच दिया। कौन है आखिर ये अडाणी, जिसका नाम लेने पर आप एक सांसद को संसद से निकाल देते हैं घर से निकाल देते हैं, अडाणी को बचाने के लिए। कोई बता दे कि अडाणी जी बनाते क्या हैं? ये सिर्फ पैसा बना रहे हैं, जो सबकुछ कांग्रेस ने आपके लिए बनाया वो सब इन्हें बेचा जा रहा है।
– राजीव गांधी जब कंप्यूटर लाए थे तो कहते थे कि कंप्यूटर से 30 साल बाद देश में क्रांति आएगी। तब भाजपा वाले धरना दे रहे थे कि कंप्यूटर देश में नहीं चलेगा, हमें कंप्यूटर नहीं चाहिए।
– नेता दो तरह के होते हैं, एक सबकुछ अपने लिए सोचता है और दूसरा नेता होता है जो सोचता है कि जनता को सर्वोपरि कैसे बनाऊं, जनता का विकास कैसे करूं।
– महंगाई से न मोदी जी, न मामा जी जूझ रहे हैं, जनता जूझ रही है।
– आप अपनी वोट की शक्ति का प्रयोग जब विवेक के साथ करोगे तो कोई नेता आपसे झूठ बोलने की हिम्मत नहीं करेगा।
– मध्यप्रदेश को आरएसएस की प्रयोगशाला कहा जाता है, आपको इस प्रयोगशाला से क्या मिला?
– आपने धर्म के नाम पर वोट देकर 18 साल दिए तो आपको क्या मिला। अब समय आ गया है सबक सिखाओ।
– सभी नेताओं को सबक सिखाओ, कांग्रेस को चुनिए और अगर कांग्रेस नेता काम न करे तो उन्हें सबक सिखा देना, पांच साल बाद निकाल देना। ये बात सभी के लिए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *