विजय देवरकोंडा ने लाखों में नीलाम किया था पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड

0

मुंबई। विजय देवरकोंडा को साउथ सिनेमा के अग्रणी अभिनेता के रूप में जाना जाता है। विजय ने अर्जुन रेड्डी, गीता गोविंदम, डियर कॉमरेड जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी। वह अपने सहज अभिनय से दर्शकों को हमेशा प्रभावित करते हैं। उनका फैन बेस भी काफी बड़ा है, लेकिन इस एक्टर को एक बार काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। एक्टर ने करीब सात साल बाद इस पर कमेंट किया है।

विजय ने कुछ साल पहले मिला अपना पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड बेच दिया। उस वक्त इस अवॉर्ड को बेचने को लेकर उन्हें काफी ट्रोल किया गया था, लेकिन विजय तब इस सब पर टिप्पणी करने से बचते रहे। अब सात साल बाद उन्होंने इस सब पर टिप्पणी की है और यह भी बताया है कि उन्होंने अवॉर्ड क्यों बेचा।

विजय ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि मुझे अब तक जितने पुरस्कार मिले हैं, मैं उन्हें बांट चुका हूं। मैंने फ़िल्मफ़ेयर का पहला सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार नीलाम कर दिया। इससे मुझे अच्छी कमाई हुई। करीब 25 लाख रुपये मिले थे, जिसे एक्टर ने वर्ष 2018 में सीएम रिलीफ फंड में दे दिए थे। एक्टर ने ये भी कहा है कि उनके लिए अवॉर्ड से ज्यादा यादें जमा करना जरूरी है।

विजय देवरकोंडा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2016 में आई फिल्म ‘पेली चूपुलु’ से की थी। इसके बाद वर्ष 2017 में आई फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ से उन्हें खास पहचान मिली। अब विजय अपनी आने वाली फिल्म ‘द फैमिली स्टार’ में नजर आएंगे। फिल्म 5 अप्रैल को रिलीज होगी। इस फिल्म में वह विजय के साथ मृणाल ठाकुर के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। दर्शक भी उनकी फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *