सैम पित्रोदा ने एक बार फिर दिया विवादास्पद बयान, पूर्वी भारतीय चीनी लगते हैं तो दक्षिण के अफ्रीकी

0

नई दिल्ली। ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बयान से देश में बवाल मच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के वारंगल से कांग्रेस पर हमला बोला है तो इस बयान के बाद कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है। जयराम रमेश ने बयान देकर कांग्रेस का इससे पल्‍ला झाड़ा है। बता दें, सैम पित्रोदा ने भारत की विविधता पर कहा कि भारत में पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं तो दक्षिण में लोग अफ्रीकी लगते हैं। पश्चिम में लोग अरबी लगते हैं और उत्तर भारतीय गोरे होते हैं। हाल ही में सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स को लेकर टिप्पणी की थी, पित्रोदा के उस बयान पर भी खूब विवाद हुआ था।

अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं, जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों जैसे और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सभी बहन-भाई हैं। पित्रोदा ने कहा कि भारत में अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के रीति-रिवाज, खान-पान, धर्म, भाषा अलग-अलग हैं, लेकिन भारत के लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के लोग 75 वर्षों तक एक सुखद वातावरण में रहे हैं, कुछ लड़ाइयों को छोड़ दें तो लोग साथ रह सकते हैं।

सैम पित्रोदा के बयान पर भाजपा नेताओं ने निशाना साधना भी शुरू कर दिया है। असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में पित्रोदा के बयान पर निशाना साधते हुए लिखा कि सैम भाई, मैं उत्तर पूर्व से हूं और मैं भारतीय जैसा ही लगता हूं। हम एक विविधता भरा देश हैं, हम अलग दिख सकते हैं, लेकिन हम सब एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो।

ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने बीते दिनों विरासत टैक्स को लेकर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका में एक विरासत टैक्स होता है, जिसके तहत अगर किसी व्यक्ति के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है तो उसकी मृत्यु के बाद बच्चों को सिर्फ 45 प्रतिशत संपत्ति ही मिलती है बाकी संपत्ति सरकार बतौर विरासत टैक्स अपने पास रख लेती है। यह एक रोचक कानून है। यह कहता है कि अगर आपने संपत्ति बनाई है और आप दुनिया छोड़कर जा रहे हैं तो आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़कर जानी चाहिए, पूरी नहीं बल्कि आधी और मुझे भी ये सही लगता है। भाजपा ने सैम पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस को निशाने पर ले लिया था और कहा कि कांग्रेस लोगों की निजी संपत्ति छीनना चाहती है। पित्रोदा के इस बयान पर इतना हंगामा हुआ कि कांग्रेस पार्टी को बचाव में उतरना पड़ा।

पित्रोदा के बयान से बैकफुट पर आई कांग्रेस

सैम पित्रोदा द्वारा भारतीयों की तुलना चीनी-अफ्रीकी लोगों से करने वाले बयान पर कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है। सैम पित्रोदा का बयान सामने आते ही पार्टी ने पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा कि सैम पित्रोदा ने भारत की विविधता को बताने के लिए जिन उपमाओं का इस्तेमाल किया है, वे दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से पूरी तरह असहमत है और इनसे किनारा करती है।

 

प्रियंका चतुर्वेदी ने भी बयान पर एतराज जताया 

शिवसेना यूबीटी नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने पित्रोदा के बयान पर कहा कि मैं उनके बयान से सहमत नहीं हूं, लेकिन क्या वे घोषणापत्र समिति के सदस्य हैं? क्या कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं? क्या वे देश में रहते हैं? वे विदेश में रहते हैं। ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनके मुद्दे को देश का मुद्दा बनाया जा रहा है। एक तरफ देश के मुद्दे हैं और दूसरी तरफ सैम पित्रोदा ने अमेरिका में क्या कहा। हम इसमें कुछ नहीं कर सकते और न ही ये कोई मुद्दा है और न ही ये देश पित्रोदा के बयान पर प्रतिक्रिया देना चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *