राजाओं को गालियां देते हो और सुल्तानों पर बोलती बंद, पीएम मोदी राहुल पर बरसे

0

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कर्नाटक के बेलगावी में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राजा-महाराजा वाले बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, शहजादे का कहना है कि भारत के राजा, भारत के महाराजा अत्याचारी थे। ये गरीबों की जमीन छीन लेते थे। जब मर्जी तब उसे हड़प लेते थे। कांग्रेस के शहजादे ने छत्रपति महाराज और रानी चिनम्मा जैसे महान व्यक्तित्व का अपमान किया है। इनका सुशासन, इनकी देशभक्ति आज भी हम सबको प्रेरित करती है। क्या शहजादे को यह पता है?

पीएम मोदी ने सवाल किया कि क्या शहजादे को मैसूर राजघराने का योगदान पता है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे का बयान सोच-समझकर वोट बैंक की राजनीति करने के लिए दिया गया। उन्होंने कहा, शहजादे ने तो राजा-महाराजा को बुरा-भला कह दिया। लेकिन भारत के इतिहास में जो अत्याचार नवाबों ने किए, निजामों ने किए, सुल्तानों ने किए, उनकी बात पर तो शहजादे के मुंह पर ताला लग जाता है। बता दें कि राहुल गांधी ने कहा था, राजाओं-महाराजाओं का राज रहा। जो भी वो चाहते, कर देते थे। किसी की जमीन चाहिए तो उसे हड़प लेते थे। कांग्रेस पार्टी और हमारे कार्यकर्ताओं ने देश की जनता के साथ मिलकर आजादी प्राप्त की, लोकतंत्र लेकर आए और संविधान दिलवाया।

नरेंद्र मोदी ने गुस्से भरे लहजे में कहा कि राजा-महाराजाओं को गालियां दे रहे हो, उनको अपमानित करते हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की मानसिकता अब खुलकर देश के सामने आ रही है। उन्होंने कहा, हुबली में कॉलेज कैंपस में जो हुआ उसने देश में भूचाल ला दिया है, उस बेटी का परिवार एक्शन की मांग करता रहा लेकिन कांग्रेस की सरकार तुष्टीकरण के दबाव को ही प्राथमिकता देती है। उनके लिए नेहा जैसी बेटियों की जिंदगी की कीमत नहीं है, उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता है। बेंगलुरु के कैफे में बम धमाका हुआ तो भी गंभीरता नहीं आई, उन्होंने यहां तक कह दिया कि गैस का सिलेंडर फटा होगा। कांग्रेस देश की जनता के आंखों में धूल क्यों झोंक रही है?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत जब मजबूत होता है तो हर भारतीय खुश होता है लेकिन कांग्रेस देशहित से इतना दूर हो चुकी है कि उसे देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। भारत की हर सफलता पर उन्हें शर्म आने लगी है। उन्होंने ईवीएम के बहाने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा, एनडीए सरकार ने देश के नागरिकों की इज ऑफ लिविंग के लिए बहुत काम किया है। इसका बड़ा उदाहरण भारतीय न्याय संहिता है, कांग्रेस मानसिक रूप से अंग्रेजों की गुलामी में ही जी रही थी। अब भारत में न्याय संहिता में दंड को नहीं बल्कि न्याय देने को प्राथमिकता दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *