November 14, 2026

लंदन में नहाय – खाय से छठ महापर्व का प्रथम अनुष्ठान

0
IMG-20261113-WA0050

बिहारी कनेक्ट यूके से जुड़ी 15 महिला भारतीय वत्तियों ने अपने घरों में नहाय खाय से छठ मइया की विधिवत पूजन शुरू की

लंदन के ब्रह्मऋषि मिशन में तीन दिवसीय सामूहिक छठ पूजा होगी

LONDON/ RANCHI: यूनाइटेड किंगडम ( यूके) में लगातार पांचवें साल बिहारी कनेक्ट यूके संस्था सामूहिक छठ पूजा आयोजित करेगा ।

बिहार और झारखंड से जुड़ी प्रवासी भारतीयों की संस्था के सामूहिक छठ महापर्व महोत्सव में कुल 15 छठ वर्ती महिलाऐं शामिल होंगी ।

इस सामूहिक छठ पूजा में संस्था की अध्यक्ष छपरा निवासी डॉ रानी ओम प्रकाश, रांची की श्रीन जयपुरियार, बोकारो की रूपम कुमारी, आरा की तनु कुमारी, गया की जयंती पाठक व दीप्ति विश्वकर्मा, पटना की शालिनी श्वेता,

रितिका नारायण, सुनीता कुमारी एवं ख्याति सिंह, चंपारण की नीतू सिंह व मनीषा मिश्रा, सहरसा की सुधा सिंह और दरभंगा की ज्योति दास के अलावा ब्रह्मऋषि मिशन की सूर्य दीदी शामिल होंगी।

अध्यक्ष डॉ रानी ओम प्रकाश ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को नहाय-खाय से यूके में चार दिवसीय छठ महापर्व प्रारंभ हो रहा हैं।

पहले दिन शुक्रवार को सभी 15 वत्तियों ने अपने घरों में सूर्योदय से पहले जागकर घर के पानी में थोड़ा सा गंगाजल डालकर स्नान किया।

पवित्र स्नान और छठ मईया पूजन के बाद एक बार का शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण किया ।

इस भोजन में बिना लहसुन – प्याज, शुद्ध देसी घी और सेंधा नमक से बनी लौकी (कद्दू) की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल (कच्चे चावल) शामिल थे।

इससे पहले पूरे घर की और रसोई की विशेष साफ-सफाई व पवित्रता का विशेष ध्यान रखा गया। सबसे पहले छठ मईया, भगवान भास्कर और देवी देवताओं को भोग लगाया गया, फिर व्रती ने भोजन ग्रहण की और उसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कद्दू (लौकी) की सब्जी और सात्विक आहार से शरीर को अगले दिन के खरना और 36 घंटे के कठिन निर्जला (बिना पानी के) व्रत के लिए तैयार रहने में मदद मिलती है।

यूके के प्रतिकूल मौसम और माइनस दो डिग्री की कड़ाके की ठंड में सभी व्रती छठ पूजा हेतु लंदन स्थित ब्रह्मऋषि मिशन, हेस्टन रोड, हौंऊसले में जुटेंगे । जहां तीन दिवसीय सामूहिक छठ पूजा का अनुष्ठान होगा ।

14 नवंबर ( शनिवार) को सामूहिक खरना, 15 नवंबर ( रविवार) को भगवान भास्कर को सामूहिक संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर (सोमवार) को सामूहिक उषा अर्घ्य (उगते सूर्य को अर्घ्य) एवं इसके बाद सभी व्रती पारन करेगी ।

यूके में दुर – दराज के शहरों में बसे बिहार और झारखंड के श्रद्धालु भी खरना के दिन से छठ उत्सव में शामिल होंगे।

इनमें यूके के कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स, वेंबले आदि शहरों से करीब दो हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। संस्था से जुड़े 25 वालंटियर के सहयोग से सभी कार्यक्रम संचालित होंगे ।

संस्थापक डॉ उदेश्वर सिंह ने बताया कि यूके छठ महोत्सव को लेकर बिहार और झारखंड के श्रद्धालुओं में काफी उत्साह एवं उमंग हैं।

लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के पदाधिकारी – गण भी इस उत्सव में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…