September 10, 2026

रिम्स में मरीजों की सुविधाओं पर बड़ा जोर, आधुनिक कैंटीन से रोबोटिक सर्जरी तक कई फैसले

0
IMG-20260909-WA0023

वित्त एवं लेखा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

RANCHI:  रिम्स में मरीजों और छात्रों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को वित्त एवं लेखा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल सात एजेंडों पर चर्चा की गई।

बैठक में रिम्स निदेशक डॉ. डी.के. सिंन्हा, अपर निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण समेत समिति के अन्य सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में रिम्स में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने आधुनिक कैंटीन विकसित करने के लिए विस्तृत एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया।

पैरामेडिकल छात्रों के हॉस्टल के निर्माण और पूरे परिसर की बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

रेडियोथेरेपी की समीक्षा में बताया गया कि फिलहाल रोजाना करीब 40 मरीजों को उपचार मिल रहा है। मरीजों को समय पर सुविधा देने के लिए टेक्नीशियनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

चिकित्सा उपकरणों की खरीद में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। उपकरणों की कीमत की तुलना GeM और जरूरत पड़ने पर एम्स नई दिल्ली की दरों से करने का निर्देश दिया गया।

रिम्स में उपलब्ध और आवश्यक मशीनों की विभागवार मैपिंग कर नई मशीनों की खरीद तथा पुरानी अनुपयोगी मशीनों को नियमानुसार हटाने को कहा गया।

बैठक में पांच पदों पर भर्ती, बर्न वार्ड के उपकरणों की खरीद, रोबोटिक सर्जरी शुरू करने, फायर फाइटिंग सिस्टम के वार्षिक रखरखाव और जेनेटिक्स एवं जीनोमिक्स विभाग के वैज्ञानिकों को एम्स की तर्ज पर एकेडमिक अलाउंस देने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

बैठक के बाद अजय कुमार सिंह ने निर्माणाधीन भवन, ड्रेनेज सिस्टम, बेसमेंट और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।

उन्होंने मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया और अस्पताल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में…