रांची में डेंगू एवं मलेरिया रोकथाम को लेकर व्यापक जागरूकता एवं सर्वे अभियान जारी
RANCHI: रांची नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर में डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम हेतु व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं स्रोत नष्ट (Source Reduction) अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम के वार्ड संख्या 21, 22 एवं 23 में दिनांक 16 जून 2026 से लगातार लार्वा खोज अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं लार्वीसाइडल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा घर-घर जाकर नागरिकों को डेंगू से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
साथ ही, लोगों को अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, नियमित रूप से पानी के बर्तनों की सफाई करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान कुल 445 घरों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से *29 घरों में डेंगू के लार्वा पाए गए* । वहीं, कुल 2,760 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें से 61 कंटेनरों में लार्वा की उपस्थिति दर्ज की गई।
संबंधित स्थलों पर तत्काल लार्वा नष्ट करने की कार्रवाई करते हुए आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
इसके अतिरिक्त, मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम को लेकर विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मलेरिया रोग की रोकथाम हेतु “हर रविवार, मच्छर पर वार” जैसे जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को मच्छरजनित बीमारियों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है।
सिविल सर्जन रांची डॉ प्रभात कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
जनसहभागिता से ही डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
