मैपिंग के लिए 06 एवं 07 जून 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा स्पेशल कैंप
राजनीतिक दलों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) संबंधित महत्वपूर्ण बैठक
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक
सुबह 08ः00 बजे से संध्या 04ः00 बजे तक विशेष शिविर का आयोजन
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अधिकाधिक मतदाताओं को शिविर तक पहुंचाने एवं मैपिंग कार्य में सहयोग का आग्रह
RANCHI: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हटिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नवीन जायसवाल,
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 06 एवं 07 जून 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाले विशेष शिविर की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अधिकाधिक मतदाताओं को शिविर तक पहुंचाने एवं मैपिंग कार्य में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 06 एवं 07 जून 2026 को प्रातः 08ः00 बजे से संध्या 04ः00 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त बीएलओ सुबह 08ः00 बजे से दोपहर 01ः00 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की मैपिंग का कार्य संपादित करेंगे।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) का नाम शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष शिविर की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाने तथा पात्र मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक लाने में सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इस दिशा में सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के निर्धारित कार्यक्रम एवं आगामी गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
