झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष विद्यानंद मिश्र का निधन
RANCHI:झारखंड खेल जगत के लिए अत्यंत दुःखद समाचार है कि झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी विद्यानंद मिश्र का लंबी बीमारी के बाद आज रांची के एक अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने अंतिम सांस लेते हुए इस संसार को अलविदा कहा।
स्वर्गीय श्री मिश्र का सम्पूर्ण जीवन खेलों के विकास, खिलाड़ियों के उत्थान तथा खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के लिए समर्पित रहा।
वे झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे और अपने अनुभव, नेतृत्व तथा मार्गदर्शन से राज्य में खेलों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वे झारखंड शूटिंग एसोसिएशन तथा झारखंड इक्वेस्ट्रियन (अश्वारोहण) एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे।
उनके कुशल नेतृत्व में इन खेलों को राज्य में नई पहचान मिली तथा अनेक खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ। खेल प्रशासन में उनकी दूरदर्शिता, अनुशासन, पारदर्शिता और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्री मिश्र का सरल, मृदुभाषी एवं सौम्य व्यक्तित्व सभी को सहज रूप से अपना बना लेता था। खेल संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक तथा खेल प्रेमी उनके स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन को सदैव स्मरण करेंगे। उनका निधन झारखंड के खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन एवं समस्त खेल परिवार उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।
इस दुःख की घड़ी में पूरा झारखंड ओलम्पिक परिवार शोकाकुल परिवारजनों के साथ खड़ा है और उन्हें इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता है।
स्वर्गीय विद्यानंद मिश्र का अंतिम संस्कार कल प्रातः 11:00 बजे रांची स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।
